
जैसलमेर. तीन दिनों से लगातार चल रहे अंधड़ में गुरुवार को और तेजी के चलते जैसलमेर शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के साथ पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी होती नजर आई है। जगह-जगह से ‘फॉल्ट’ की सूचना पर डिस्कॉम के तकनीकी स्टाफ एक से दूसरी जगह दौड़ते रहे। इस दौरान कई-कई घंटों तक लोगों को बिना बिजली परेशान होना पड़ा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 20 से ज्यादा बिजली के पोल धराशायी हो गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था को पटरी पर आने में अभी कम से कम दो दिन और लगने की संभावना है। फिलहाल डिस्कॉम प्रशासन पोकरण समेत जिले के बड़े गांवों में आपूर्ति को सुचारू बनाने पर ध्यान केंद्रित किए हुए है। जानकारी के अनुसार राजमथाई से मसूरिया लाइन के 13 खंभे उखडग़ए।ऐसे ही हालात फतेहगढ़ उपखंड क्षेत्र में भी हुए हैं। जैसलमेर के आसनी पथ पर गुरुवार सुबह एक भवन की बालकॉनी में लगी लोहे की रैलिंग धराशायी हो गई, जिसकी चपेट में आने से दो जनों के मामूली चोटें भी आई। सौभाग्यवश बड़ा हादसा टल गया।
आपूर्ति तंत्र में ‘फॉल्ट’
बुधवार के बाद गुरुवार को भी तेज अंधड़ के चलते जैसलमेर मुख्यालय पर बिजली आपूर्तिव्यवस्था लगभग चौपट हो गई। दिन में जगह-जगह से आए फॉल्ट के कारण कई घंटों तक बिजली गुल रही। लोगों के यहां लगे इनवर्टर तक चूक गए और वे मोबाइल तक चार्ज करने से वंचित रह गए। विद्युत उपभोक्ता बिजली नहीं होने से परेशान रहे तो डिस्कॉम के अधिकारी और तकनीकी कार्मिक एक से दूसरे स्थान पर फॉल्ट आने की सूचनाओं के चलते हैरान। शहर में तार टूटने, डीपी के विद्युत पोल के क्षतिग्रस्त होने, फ्यूज उडऩे जैसी समस्याएं दसियों जगहों पर सामने आई।जिनकी मरम्मत करने में डिस्कॉम कर्मियों के पसीने छूट गए। विद्युत आपूर्ति तंत्र को पेड़ों के अंधड़ में झूलने और उनके बीच आई लाइनों के टूटने से बड़ा झटका लगा है।जबकि डिस्कॉम की तरफ से पिछले दिनों पेड़ों की छंटाई का अभियान भी चलाया गया था। इसके बावजूद अनेक पेड़ों को समय रहते छांटा नहीं जा सका।
पेयजल आपूर्ति को झटका
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति नहीं होने से जलदाय विभाग की पेयजल स्कीमों पर विपरीत असर पड़ा है। गांवों में पिछले कई दिनों से जलापूर्ति संभव नहीं हो पा रही है। जैसलमेर शहर में भी पेयजल व्यवस्था पर मौसम की मार का असर पड़ा है। जानकारी के अनुसार जलदाय विभाग के हैडवक्र्स पर पर्याप्त समय तक विद्युत आपूर्ति नहीं होने के कारण जल उत्पादन नहीं हो पा रहा।
दिक्कतें तो आ रही है...
जिले भर में आंधियों का दौर चलने से डिस्कॉम को सुचारू विद्युत आपूर्ति में दिक्कतें आ रही हैं। पोल गिरने तथा लाइनों के टूटने आदि से आर्थिक नुकसान भी होता है, लेकिन उससे बड़ा नुकसान सप्लाई के बाधित होने से हो रहा है।हमारा पूरा प्रयास है कि आपूर्ति में व्यवधान कम से कम समय में दूर किया जाए।
-सीएस मीना, एसई, डिस्कॉम, जैसलमेर