1 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु, समाधि दर्शन को लगी लंबी कतारें, बाजार में लौटी रौनक, कारोबार तेज

पोकरण में जैसलमेर रोड पर मंगलवार दोपहर श्वान को बचाने के प्रयास में बाइक सवार सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रही गाड़ी उसके ऊपर से निकल गई, हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। उदयपुर के झाड़ोल निवासी 41 वर्षीय देवीलाल रामदेवरा दर्शन के लिए आया था, पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया।
2 min read
Google source verification
ramdevra

रामदेवरा. मंगलवार को बाबा रामदेव समाधि दर्शन के लिए लगी लंबी कतार में खड़े हजारों श्रद्धालु। 

रामदेवरा @ पत्रिका. लोक देवता बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन के लिए इन दिनों रामदेवरा में अपूर्व आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। भादवा मेले से पहले ही लगातार चौथे दिन हजारों श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। बाबा रामदेव के जयकारों से पूरा रामदेवरा गुंजायमान नजर आया। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु रामदेवरा पहुंचकर समाधि दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रामदेवरा में भादवा मेले का अनौपचारिक रूप से आगाज होता दिखाई दे रहा है। सुबह से ही समाधि परिसर की ओर जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

दर्शन के लिए लंबी कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। प्रवेश मार्गों से मुख्य बाजार तक यात्रियों की भीड़ के कारण कस्बे की प्रमुख सड़कें श्रद्धालुओं से भरी नजर आ रही हैं। यात्री वाहनों की लंबी कतारें भी दिखाई दे रही हैं, बड़ी संख्या में बसें और निजी वाहन लगातार पहुंच रहे हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ने से रामदेवरा का माहौल पूरी तरह मेले जैसा हो गया है। मुख्य बाजार, रेलवे स्टेशन मार्ग और मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। मेले को देखते हुए हजारों छोटी-बड़ी दुकानें सज चुकी हैं। खिलौने, धार्मिक सामग्री, प्रसाद और खान-पान सहित विभिन्न दुकानों पर यात्रियों की भीड़ दिखाई दे रही है। श्रद्धालु समाधि दर्शन के साथ स्थानीय बाजारों में खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं। लंबे समय से मेले का इंतजार कर रहे व्यापारी वर्ग को इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है। सुबह से देर रात तक बाजारों में चहल-पहल रहने से व्यापारिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति दी है। होटल, धर्मशालाओं और भोजनालयों में आवाजाही बढ़ने से कारोबार में तेजी आई है। मेले की शुरूआत से पहले ही यह उत्साह बताता है कि इस बार मेले के दौरान रेकॉर्ड भीड़ की संभावना है। रामदेवरा में चारों ओर बाबा रामदेव के जयकारे और मेले की रौनक नजर आ रही है, जिससे रुणिचा नगरी भक्तिमय हो गई है।

पोकरण: बाइक से गिरा, ऊपर से गाड़ी निकली, मौत

पोकरण (जैसलमेर). कस्बे में जैसलमेर रोड पर शक्तिस्थल के पास मंगलवार को दोपहर बाइक रपटने से सड़क पर गिरे व्यक्ति के ऊपर से गाड़ी निकल गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार उदयपुर के झाड़ोल निवासी देवीलाल (41) पुत्र शंकरलाल भाट बाइक से रामदेवरा दर्शनों के लिए आए थे। जैसलमेर रोड पर शक्तिस्थल के पास सड़क पर आए श्वान को बचाने के प्रयास में बाइक असंतुलित होकर रपट गई और वह नीचे गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रही एक गाड़ी उसके ऊपर से निकल गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल पोकरण के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव अपने कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया।