
पोकरण (जैसलमेर). कस्बे में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं से आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल है। गुरुवार रात छंगाणियों की गली में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। चोर मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी व तिजोरी में रखे करीब 22 तोला सोने के आभूषण, 40 तोला चांदी तथा 50 हजार रुपए नकद चुरा ले गए। वारदात के बाद चोर पंकज छंगाणी के घर के आगे खड़ी मोटरसाइकिल भी चोरी कर ले गए। छंगाणियों की गली में शिक्षक ईश्वरसिंह उज्ज्वल किराए के मकान में रहते हैं। उनका पूरा परिवार पिछले दो दिनों से विवाह समारोह में शामिल होने गया हुआ था। इस कारण मकान बंद था। गुरुवार रात चोरों ने मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखी अलमारी तथा तिजोरी खंगाल डाली। चोर कीमती आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने मकान का दरवाजा खुला देखा तो शिक्षक को सूचना दी। शिक्षक मौके पर पहुंचे तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और तिजोरी से आभूषण व नकदी गायब मिले।चोर जाते समय पंकज छंगाणी के घर के आगे खड़ी मोटरसाइकिल भी ले गए।
चोरी की सूचना मिलने पर वृताधिकारी कैलाशकंवर राठौड़ और थानाधिकारी मनीष सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस टीम संदिग्धों की पहचान और चोरी की वारदात का सुराग जुटाने में लगी है।
कस्बे में पिछले तीन वर्षों के दौरान चोरी की करीब एक दर्जन बड़ी वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन किसी भी मामले में पुलिस को सफलता नहीं मिली है। सुंदरनगर कॉलोनी, व्यास कॉलोनी, फलसूंड रोड, हनुमानपुरा और मंगलपुरा क्षेत्र में भी चोर बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। सहायक उपनिरीक्षक चैनाराम के घर हुई लाखों रुपए के आभूषण और नकदी की चोरी का मामला भी अब तक अनसुलझा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और पुराने मामलों का खुलासा नहीं होने से कस्बेवासियों में चिंता और नाराजगी बढ़ रही है। लोग घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। आमजन ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और पुराने मामलों का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।