27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaisalmer / जैसलमेर में कांग्रेस का विजय रथ आगे बढ़ा, 10 में से 9 पंचायत समितियों में प्रधान बनाए

जैसलमेर में कांग्रेस का विजय रथ आगे बढ़ा, 10 में से 9 पंचायत समितियों में प्रधान बनाए

जैसलमेर जिले की पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने अपना दबदबा कायम किया। 10 में से 9 पंचायत समितियों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि मोहनगढ़ में बहुमत के बावजूद क्रॉस वोटिंग से पार्टी को झटका लगा। जिला प्रमुख और उप प्रमुख के बाद प्रधानों के चुनाव में भी कांग्रेस का दबदबा जिले की ग्रामीण राजनीति में उसकी मजबूत स्थिति का संकेत बना।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 27 Nov 2026, 9:20 PM IST

jaisalmer news photo

जैसलमेर. जीत के बाद जश्न मनाते समर्थक। 

जैसलमेर. जिले की ग्रामीण सत्ता पर कांग्रेस ने अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। शुक्रवार को पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव में 10 में से 9 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी निर्वाचित हुए। हालांकि मोहनगढ़ में बहुमत के बावजूद कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। यहां क्रॉस वोटिंग के चलते भाजपा की टीबी देवी प्रधान निर्वाचित हुईं। जिला प्रमुख और उप प्रमुख के पद पहले ही कांग्रेस निर्विरोध जीत चुकी है। ऐसे में पंचायत समितियों के नतीजों ने जिले में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति और मजबूत कर दी है। जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र की जैसलमेर पंचायत समिति में कांग्रेस के अशोक कुमार भील, खुहड़ी में सलीमत, फतेहगढ़ में उमा राठौड़, रामगढ़ में लक्ष्मी देवी और मोहनगढ़ में भाजपा की टीबी देवी निर्वाचित घोषित की गई।

पुलिस का रहा कड़ा बंदोबस्त

शुक्रवार को प्रधान पदों के लिए चुनाव पुलिस के कड़े बंदोबस्त के बीच संपन्न हुए। नतीजे घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह छा गया। समर्थकों ने नवनिर्वाचित प्रधानों को फूल-मालाओं से लाद दिया और जमकर नारेबाजी की।

नौ पंचायत समितियों में कांग्रेस का परचम

जिला परिषद के बाद पंचायत समिति स्तर पर भी कांग्रेस ने अपना दबदबा कायम रखा। जिले की 10 में से 9 पंचायत समितियों में पार्टी के उम्मीदवार प्रधान चुने गए। जिला प्रमुख और उप प्रमुख के निर्विरोध निर्वाचन के बाद यह जीत कांग्रेस के लिए दोहरी राजनीतिक कामयाबी साबित हुई। पंचायत राज संस्थाओं में मिले इस जनादेश से कांग्रेस ने जिले की ग्रामीण राजनीति में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई।

मोहनगढ़ में बहुमत के बावजूद कांग्रेस चित

मोहनगढ़ पंचायत समिति का चुनाव परिणाम सबसे चौंकाने वाला रहा। यहां कांग्रेस के पास बहुमत था, लेकिन क्रॉस वोटिंग ने पूरा चुनावी गणित बिगाड़ दिया। भाजपा प्रत्याशी टीबी देवी के पक्ष में वोट पड़ने से कांग्रेस बहुमत का फायदा नहीं उठा सकी और उसे प्रधान पद गंवाना पड़ा। जिलेभर में कांग्रेस की एकतरफा जीत के बीच मोहनगढ़ का यह उलटफेर पार्टी के लिए बड़ा झटका रहा।

पुलिस के पहरे में मतदान, जीत पर जश्न

चुनाव के दौरान पंचायत समिति मुख्यालयों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। परिणाम आते ही समर्थकों ने विजयी प्रधानों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। नारेबाजी के बीच जीत का जश्न मनाया गया। नौ पंचायत समितियों में जीत से कांग्रेस खेमे में उत्साह रहा, जबकि मोहनगढ़ में भाजपा की सफलता ने चुनावी नतीजों को दिलचस्प बना दिया।

जानब की साध पूरी

सम क्षेत्र के कद्दावर कांग्रेस नेता जानब खां विगत पंचायत समिति चुनाव में प्रधान पद के प्रमुख उम्मीदवार थे, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। इस बार उन्होंने सम समिति के बदले नाम खुहड़ी पंचायत समिति से अपनी पुत्रवधु सलीमत को प्रधान बनवा कर अपना ख्वाब पूरा किया। नतीजों की घोषणा होते ही समर्थकों ने जानब खां को कंधों पर उठा लिया और उनके लिए जमकर नारेबाजी की। इस विजय के बाद जानब खां का कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने शॉल ओढ़ा कर स्वागत किया और बधाई दी। यह तस्वीर राजनीतिक हलकों में खूब देखी गई।