जैसलमेर

फतेहगढ़: हैंडलूम में भीषण आग, मची अफरा-तफरी..शॉर्ट सर्किट से फैलने का जताया जा रहा अंदेशा

फतेहगढ़ उपखंड मुख्यालय के मुख्य बाजार में स्थित हैंडलूम में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

2 min read
Jan 02, 2026

फतेहगढ़ उपखंड मुख्यालय के मुख्य बाजार में स्थित हैंडलूम में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही देर में प्रतिष्ठान के सभी फ्लोर में रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हैंडलूम संचालक लजपतसिंह राजगुरु मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि प्रतिष्ठान के भीतर करीब सात से आठ दिन का संग्रहित नकदी, कपड़े, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और अन्य सामान आदि आग की भेंट चढ़ गए।

ग्रामीणों ने सुबह छह बजे अग्निशमन को सूचना दी, लेकिन फतेहगढ़ में दमकल वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण जिला मुख्यालय जैसलमेर से वाहन मंगाना पड़ा। दमकल के पहुंचने में करीब दो घंटे का समय लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि फतेहगढ़ में अग्निशमन वाहन की व्यवस्था होती, तो समय रहते आग पर काबू पाया जा सकता था और नुकसान कम हो सकता था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। फतेहगढ़ एसडीएम भरतराज गुर्जर, तहसीलदार नखतसिंह राठोड़, फतेहगढ़ चौकी प्रभारी खुशालचंद, हेड कांस्टेबल शोभसिंह राठौड़ मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति को संभाला गया। आग लगते ही फतेहगढ़ के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। पानी के टैंकरों और बाल्टियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। बाद में दमकल वाहन और सिविल डिफेंस की टीम की सहायता से आग पर काबू पाया जा सका।

पत्रिका ने पहले ही चेताया था

गौरतलब है कि गत 30 दिसंबर को च्आग लगने पर जैसलमेर से मंगानी पड़ रही दमकलज् शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर फतेहगढ़ में दमकल वाहन नहीं होने की समस्या को उजागर किया गया था। बावजूद इसके व्यवस्था नहीं होने का खामियाजा इस घटना में सामने आया। तहसीलदार नखतसिंह राठौड़ ने बताया कि फतेहगढ़ उपखंड पर दमकल वाहन उपलब्ध नहीं है। जैसलमेर से दमकल वाहन आने में समय लगा। फतेहगढ़ मुख्यालय पर जल्द दमकल वाहन उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Published on:
02 Jan 2026 09:10 pm
Also Read
View All

अगली खबर