
दिवाली के मौके पर आतिशबाजी किए जाने से निकली चिंगारियों से ऐतिहासिक सोनार दुर्ग के परकोटे पर उगी घास में दो बार आग लग गई। जिस पर नगरपरिषद के दमकल वाहनों ने पहुंच कर आग बुझाई। जानकारी के अनुसार दिवाली की देर रात परकोटे पर उगी घास में आग लगने से घबराहट फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर अग्रिशमन वाहन मौके पर पहुंचे और कार्मिकों ने आग पर काबू पाया। इसी तरह से सोमवार दिन में पार्किंग क्षेत्र में आई दुर्ग के परकोटे की दीवार पर उगी घास पर आतिशबाजी की चिंगारी से आग लगी और वह बढऩे लगी। समय रहते दमकल ने वहां पहुंच कर आग पर काबू पाया।
इसी तरह से जिले के मोहनगढ़ के सरदारपुरा भील बस्ती क्षेत्र में एक पाकिस्तान विस्थापित की झोपड़ी में मंगलवार दोपहर आग लग जाने से उसका व्यापक नुकसान हो गया। सरदारपुरा भील बस्ती निवासी राजेश पुत्र हरचंदराम की झोपड़ी में पटाखे की चिंगारी से आग लग गई। उस समय वह तथा उसकी पत्नी बाजार गए हुए थे। झोपड़े में आग लगी तब डेढ़ वर्षीय बच्चा व गैस सिलैंडर भीतर था। आसपास के लोगों ने बच्चे व सिलैंडर को बाहर निकाल लिया। झोपड़े के मालिक ने बताया कि आग से झोपड़े में रखे डेढ़ लाख रुपए के साथ उसका पाकिस्तानी पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज आदि सामान जल गए।
फोटो :
----------------