16 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaisalmer: 140 करोड़ की लागत से संवरे जैसलमेर रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री करेंगे लोकार्पण

जैसलमेर. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 140 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर केन्द्रीय पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत जैसलमेर में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। पुनर्विकसित स्टेशन के लोकार्पण के साथ जैसलमेर रेल अधोसंरचना के विकास में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा।
2 min read
Google source verification
jaisalmer railway

जैसलमेर रेलवे स्टेशन ( फोटो- पत्रिका )

जैसलमेर. ऐतिहासिक और पीत पाषाणों से निर्मित जैसलमेर शहर विकास के एक नए अध्याय का साक्षी बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 140 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर केन्द्रीय पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत जैसलमेर में आयोजित लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शेखावत शुक्रवार को दोपहर 1 बजे जैसलमेर के सर्किट हाउस पहुंचेंगे। इसके बाद वे दोपहर 2 बजे से शाम 4.30 बजे तक जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण समारोह में भाग लेंगे। कार्यक्रम के बाद वे शाम 6 बजे सर्किट हाउस से सत्याया में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और शाम 6.15 बजे बीकानेर के लिए प्रस्थान करेंगे।

जैसलमेर स्टेशन का बदला स्वरूप

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जैसलमेर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास आधुनिक यात्री सुविधाओं, आकर्षक वास्तुकला, बेहतर यातायात प्रबंधन और विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं के साथ किया गया है। माना जाता है कि स्टेशन का नया स्वरूप न केवल यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करेगा बल्कि जैसलमेर के पर्यटनए व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा। प्रधानमंत्री की ओर से होने वाला यह लोकार्पण जैसलमेर के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। इससे जिले की पर्यटन क्षमता को और अधिक मजबूती मिलेगी व देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आधुनिक एवं सुविधाजनक रेलवे स्टेशन की सौगात प्राप्त होगी।

मोदी ने जैसलमेर स्टेशन की फोटो पोस्ट की

इस बीच गुरुवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने हैंडल से जैसलमेर के नवविकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन का फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। यह फोटो स्टेशन के बाहरी हिस्से का है। गौरतलब है कि रेलवे स्टेशन का पूरा बाहरी हिस्सा जैसलमेरी पीले पत्थर से बनाया गया है और यह आवाजाही करने वाले यात्रियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

एक स्क्रीन पर पूरी जानकारी.. यात्रियों का बचेगा समय

ट्रेन का ऑनलाइन टिकट बुक करना अब पहले से अधिक सरल और तेज हो गया है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम ने बुधवार से अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया है। नई वेबसाइट में टिकट बुकिंग के चरण कम किए गए हैं, साथ ही, सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और बुकिंग का अनुभव बेहतर होगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि नई वेबसाइट का इंटरफेस पहले की तुलना में अधिक तेज, सरल और लगभग विज्ञापन-मुक्त बनाया गया है। एक बार दर्ज किए गए यात्री विवरण सुरक्षित रहेंगे, जिससे अगली बार टिकट बुक करते समय बार-बार जानकारी भरने की आवश्यकता नहीं होगी।

भारतीय रेलवे पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) का भी आधुनिकीकरण कर रहा है, जिससे भविष्य में ऑनलाइन टिकट बुकिंग और अधिक तेज, सक्षम तथा विश्वसनीय होगी। उल्लेखनीय है कि नई वेबसाइट तैयार करने से पहले यात्रियों के सुझावों को महत्त्व दिया गया। आइआरसीटीसी और सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स (क्रिस) के अधिकारियों ने जयपुर के मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमएनआईटी) के विद्यार्थियों से बीटा वर्जन पर सुझाव लिए थे। इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने मौजूदा वेबसाइट में सुधार के कई सुझाव दिए थे, जिन्हें नई वेबसाइट में शामिल किया गया है। यादव ने कहा, नई वेबसाइट और आधुनिक पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम लागू होने के बाद यात्रियों को पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक ऑनलाइन टिकट बुकिंग का अनुभव मिलेगा।