जैसलमेर

jaisalmer: पंचायत चुनाव: पहले दिन जिला परिषद के 21 वार्डों में पांच प्रत्याशियों ने आठ नामांकन भरे

पंचायती राज चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही जैसलमेर में सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं, हालांकि पहले दिन प्रत्याशियों का रुझान सीमित रहा। जिला परिषद के 21 वार्डों में से केवल तीन में नामांकन दाखिल हुए, जबकि पंचायत समिति चुनाव में भी चुनिंदा क्षेत्रों में ही उम्मीदवार सामने आए। पहले दिन जिला परिषद के लिए 5 और पंचायत समितियों के लिए 17 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में दस्तक दी।
2 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 9:07 PM IST
jaisalmer news
जैसलमेर. कलक्ट्रेट परिसर में दिन भर रही चहल-पहल।

जैसलमेर. पंचायती राज आम चुनाव-2026 की नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही जिले में चुनावी सरगर्मी दिखाई देने लगी है। पहले दिन जिला परिषद के 21 निर्वाचन क्षेत्रों में से केवल तीन वार्डों में नामांकन दाखिल हुए। पांच प्रत्याशियों ने कुल आठ नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। वहीं, पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में जैसलमेर, फतेहगढ़ और मोहनगढ़ में 17 प्रत्याशियों ने 26 नामांकन पत्र दाखिल किए। शेष पंचायत समितियों में पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन प्रस्तुत नहीं किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला परिषद के रिटर्निंग अधिकारी अनुपमा जोरवाल के अनुसार जिला परिषद के वार्ड संख्या 1 और 5 में एक-एक प्रत्याशी ने चार नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। वार्ड संख्या 8 में तीन प्रत्याशियों ने चार नामांकन पत्र दाखिल किए। शेष 18 वार्डों में पहले दिन किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं भरा।

पंचायत समितियों में यह रही स्थिति

पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन में जैसलमेर और फतेहगढ़ में सबसे अधिक नामांकन गतिविधि रही। जैसलमेर पंचायत समिति के 15 वार्डों में छह प्रत्याशियों ने नौ नामांकन पत्र दाखिल किए। फतेहगढ़ के 15 वार्डों में भी छह प्रत्याशियों ने नौ नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। वहीं, मोहनगढ़ पंचायत समिति के 15 वार्डों में पांच प्रत्याशियों ने आठ नामांकन पत्र दाखिल किए।

पहले दिन के प्रमुख आंकड़े

- जिला परिषद : 5 प्रत्याशी, 8 नामांकन पत्र।

- पंचायत समिति जैसलमेर : 6 प्रत्याशी, 9 नामांकन पत्र।

- पंचायत समिति फतेहगढ़ : 6 प्रत्याशी, 9 नामांकन पत्र।

- पंचायत समिति मोहनगढ़ : 5 प्रत्याशी, 8 नामांकन पत्र।

- तीनों पंचायत समितियों में कुल 17 प्रत्याशी और 26 नामांकन पत्र।


स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता की पालना पर जोर, दायित्वों की दी जानकारी

जैसलमेर. पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नियुक्त एरिया और सेक्टर मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण शनिवार को पॉलिटेक्निक महाविद्यालय जैसलमेर में आयोजित हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल के निर्देशों पर हुए इस प्रशिक्षण में दक्ष प्रशिक्षकों ने निर्वाचन के दौरान उनके कार्यों, दायित्वों और आदर्श आचार संहिता की पालना के संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों पर विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी चंद्रवीर सिंह ने अधिकारियों से चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोग के निर्देशों की पालना के साथ पूर्ण जिम्मेदारी से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने आदर्श आचार संहिता की पालना के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। सहायक प्रभारी महेश कुमार बिस्सा ने मतदान, मोबाइल फोन प्रतिबंध और मतदान केंद्रों की सीमा की जानकारी दी। प्रशिक्षक रामाराम ने एरिया मजिस्ट्रेट की भूमिका और चुनाव प्रक्रिया समझाई। मिश्री सिंह ने नाम निर्देशन पत्र व घोषणाओं की जानकारी दी, जबकि मुख्तार अली ने टेंडर वोट व चैलेंज वोट जैसी विशेष परिस्थितियों पर प्रकाश डाला। नरेंद्र वासु ने मॉक पोल की सावधानियां बताईं। दक्ष प्रशिक्षक विजय कुमार बल्लाणी ने संपूर्ण प्रशिक्षण का संचालन करते हुए मॉक पोल के पश्चात मशीनों व कैरिंग बॉक्स की सीलिंग प्रक्रिया समझाई। प्रशिक्षकों बजरंगा राम और हरीश छंगाणी ने सीयू, बीयू व मत पेटी के रख-रखाव व सीलिंग का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया।

Updated on:
31 Oct 2026, 9:07 PM IST
Published on: