
जैसलमेर. भारत ने रक्त संग्रह के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। केंद्र सरकार के अनुसार वर्ष 2024-25 में देशभर में 1,46,01,147 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो देश की अनुमानित वार्षिक आवश्यकता लगभग 1.46 करोड़ यूनिट के लगभग बराबर है। स्वैच्छिक रक्तदान की हिस्सेदारी लगभग 70 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जबकि शेष रक्त परिजन या रिप्लेसमेंट डोनर से प्राप्त होता है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार देश में रक्त आपूर्ति प्रणाली में लगातार सुधार हुआ है। अब ध्यान केवल रक्त संग्रह बढ़ाने पर नहीं, बल्कि सुरक्षित रक्त की समय पर उपलब्धता, गुणवत्ता और प्रभावी वितरण व्यवस्था को मजबूत करने पर केंद्रित है। विशेषज्ञों के अनुसार बड़े शहरों में विकसित स्वास्थ्य ढांचा, ब्लड बैंक नेटवर्क और डिजिटल प्रणाली के कारण रक्त उपलब्धता अपेक्षाकृत बेहतर रहती है। वहीं विशाल भौगोलिक क्षेत्र और सीमित संसाधनों वाले दूरस्थ जिलों में आपात स्थिति के दौरान समय पर रक्त पहुंचाना अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है। यह स्थिति विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं, प्रसूति जटिलताओं, सर्जरी, कैंसर उपचार और थैलेसीमिया जैसे मामलों में गंभीर हो जाती है।
जैसलमेर जैसे सीमावर्ती जिले, जिनका क्षेत्रफल लगभग 38,401 वर्ग किलोमीटर है, इस चुनौती को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं। यहां कई गांव जिला मुख्यालय से दूर स्थित हैं, जिससे आपात स्थिति में रक्त की समयबद्ध उपलब्धता स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण चुनौती बन जाती है। केंद्र सरकार का ई-रक्तकोष प्लेटफॉर्म देशभर के ब्लड बैंकों को डिजिटल रूप से जोड़कर रक्त उपलब्धता, स्टॉक प्रबंधन और पारदर्शिता बनाने में भूमिका निभा रहा है।
-वर्ष 2024-25 में रक्त संग्रह: -1,46,01,147 यूनिट
अनुमानित राष्ट्रीय आवश्यकता: लगभग -1.46 करोड़ यूनिट
-स्वैच्छिक रक्तदान: लगभग 70 प्रतिशत
-प्रमुख उपयोग: सड़क दुर्घटना, सर्जरी, -प्रसूति, कैंसर उपचार, थैलेसीमिया
अब बदलता फोकस
-पहले स्वास्थ्य व्यवस्था की प्राथमिक चुनौती -रक्तदाताओं की उपलब्धता बढ़ाना थी। अब -फोकस संग्रह से आगे बढ़कर सुरक्षित रक्त की समय पर उपलब्धता, वितरण प्रणाली और डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करने पर केंद्रित हो गया है।
देश ने रक्त संग्रह के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। अब वास्तविक चुनौती यह सुनिश्चित करना है कि हर जरूरतमंद मरीज तक सुरक्षित रक्त समय पर और समान रूप से पहुंच सके। इसके लिए ब्लड बैंक नेटवर्क, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल ट्रैकिंग प्रणाली को और मजबूत करने की दरकार है। यदि छोटे-छोटे शहरों, कस्बों और दूरस्थ क्षेत्रों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाए तो बेहतर परिणाम मिल सकेंगे।
-रजत गौड़, राष्ट्रीय अध्यक्ष, लाल बूंद जिंदगी रक्षक सेवा संस्थान