जैसलमेर

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के सवाल पर अब गजेन्द्र सिंह शेखावत ने दिया ये बयान

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के सवाल पर अब गजेन्द्र सिंह शेखावत ने दिया ये बयान।

2 min read
Jun 01, 2018
bjp
bjp

जैसलमेर। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जैसलमेर प्रवास के दौरान गुरुवार को उन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं के बीच उनके खिलाफ जोधपुर में पुलिस में एफआइआर दर्ज करवाए जाने के मसले पर टिप्पणी की।

पत्रकारों ने शेखावत से इस मसले पर सवाल किया तो उन्होंने कहा, सच झुक नहीं सकता और सूरज छुप नहीं सकता। इससे पहले उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के फैसले में देरी के संबंध में कहा कि यह निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व को करना है।

केंद्रीय मंत्री ने कर्नाटक में भाजपा को रोकते हुए कांग्रेस व जेडीएस की ओर से सरकार बनाने के मसले पर कहा कि वहां की जनता ने कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार के खिलाफ जनादेश दिया था।

सचिन पायलट ने भाजपा संगठन को घेरा
सचिन पायलट ने भाजपा संगठन को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री व भाजपा शासन ने एेसे हालात कर दिए हैं कि भाजपा चांदी का दीया लेकर ढूंढ रही है, लेकिन कोई प्रदेश अध्यक्ष नहीं मिल रहा है। गुरुवार को शहर के प्रजापत छात्रावास में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा की करारी हार निश्चित है, इसलिए कोई प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनना चाह रहा है। जनता ने भाजपा की विदाई का मानस बना लिया है।

पहले जनता मुख्यमंत्री से मिलने को तड़पती थी और अब मुख्यमंत्री जनता से मिलने को तड़प रही है। फर्जी मतदाताओं के नाम जुड़वाकर मतदान करने की रणनीति बना चुकी भाजपा को कांग्रेस फेल करेगी। प्रदेश के 50 हजार बूथ पर कांग्रेस मजबूत होगी। पायलट ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में सरकार व चेहरे बदलने के लिए नहीं व्यवस्था बदलने के लिए चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने पन्ना प्रमुख, पर्चा प्रमुख के नाम से भ्रम फैला रखा है, लेकिन अजमेर लोकसभा चुनाव में कई बूथों पर उसे एक वोट नहीं मिला। प्रदेश में 22 उपचुनाव में 20 पर कांग्रेस विजय हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता को जाति में बांटने का कार्य किया। देश में भाजपा उपचुनाव में हारने व पेट्रोल कीमतें बढ़ाने का रिकॉर्ड बना रही है। 150 किसानों ने आत्महत्याएं की। लहसुन भाव कम होने पर किसान जहर पी रहे हैं। मंत्रियों के घरों पर फव्वारे लग रहे हैं,लेकिन सरकार पीडि़तों की मदद नहीं कर रही है। काला कानून पर कांग्रेस व जनता के विरोध पर मुख्यमंत्री को घुटने टेकने पड़े।

Published on:
01 Jun 2018 12:03 pm