जैसलमेर

रामसरोवर के आगोर में जमा हो रहा कचरा, दूषित हो रहा नीर

ग्राम पंचायत की ओर से कस्बे की सफाई करने के पश्चात् गंदगी व मलबा रामसरोवर तालाब के आगोर में डाला जा रहा है। जिससे आगोर में गंदगी व मलबे के ढेर लग गए हैै।
2 min read
Mar 28, 2019
jaisalmer
रामसरोवर के आगोर में जमा हो रहा कचरा, दूषित हो रहा नीर

जैसलमेर/रामदेवरा. ग्राम पंचायत की ओर से कस्बे की सफाई करने के पश्चात् गंदगी व मलबा रामसरोवर तालाब के आगोर में डाला जा रहा है। जिससे आगोर में गंदगी व मलबे के ढेर लग गए हैै। गांव में प्रतिदिन सफाई करने के बरइ गंदगी व मलबा सफाई कर्मचारियों की ओर से उठाकर टै्रक्टर ट्रोली में डालकर गांव से बाहर फिकवाया जाता है, लेकिन कुछ समय से यह कचरा रामसरोवर तालाब के आगोर में डाला जा रहा है। इसी आगोर से बारिश के दौरान बहकर पानी तालाब में जमा होता है। कूड़ा करकट गन्दगी डालने से यहां आसपास क्षेत्र में वातावरण दूषित हो रहा है। यही गंदगी बरसात के दिनों में तेज बारिश के दौरान पानी के साथ बहकर रामसरोवर तालाब में आ जाती है। गौरतलब है कि गत कुछ वर्षों से लगातार मलबा सरोवर के पायतन में जमा हो रहा है। इसकी रोकथाम को लेकर समाधि समिति के पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सफाई कर्मियों को गंदगी व मलबा गांव से दूर अन्यंत्र कही डालने की मांग की थी। कुछ समय तक सफाई कर्मियों ने कचरा गांव से दूर ले जाकर अवश्य डाला, लेकिन पुन: आगोर में ही डालना शुरू करने से आगोर के चारो तरफ गंदगी का आलम बिखरा पड़ा है।
भाद्रपद मेले में लाखों श्रद्धालु लगाते है डुबकी
रामदेवरा में प्रतिवर्ष भाद्रपद माह में बाबा रामदेव का अंतरप्रांतीय मेला लगता है। जिसमें लाखों श्रद्धालु बाबा की समाधि के दर्शनों के लिए आते है। यहां आने वाले अधिकांश श्रद्धालु अपनी आस्था के चलते रामसरोवर में डुबकी लगाते है। लगातार तालाब के आगोर में गांव का यही कचरा व गंदगी श्रावण व भाद्रपद माह में होने वाली बारिश के दौरान पानी के साथ बहकर तालाब में आ जाती है। जिससे तालाब का पानी गंदा व दुषित हो जाता है। उसी दुषित पानी में श्रद्धालु न केवल डुबकी लगाते है, बल्कि इसी पानी से खाना भी बनाते है। जिससे श्रद्धालुओं के बीमार होने की भी आशंका बनी हुई है।

Published on:
28 Mar 2019 06:29 pm