जैसलमेर

ग्रामीण क्षेत्रों में हेंडपम्प खराब, पाइप लाइन से नहीं हो रही जलापूर्ति

पोकरण क्षेत्र के बड़ली गांव में स्थित चार हेंड पम्प लम्बे समय से खराब है। ऐसे में ग्रामीणों को पेयजल संकट से रूबरू होना पड़ रहा है।
2 min read
Apr 04, 2019
jaisalmer news
ग्रामीण क्षेत्रों में हेंडपम्प खराब, पाइप लाइन से नहीं हो रही जलापूर्ति

जैसलमेर/पोकरण. क्षेत्र के बड़ली गांव में स्थित चार हेंड पम्प लम्बे समय से खराब है। ऐसे में ग्रामीणों को पेयजल संकट से रूबरू होना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में मुख्य चौक भगवान राधा-कृष्ण मंदिर के पास, देवी के मंदिर के पास एक-एक व मेघवालों के बास में दो हेंडपम्प लगे हुए है, लेकिन चारों हेंडपम्प गत लम्बे समय से खराब पड़े है। उन्होंने बताया कि कई वर्ष पूर्व जलदाय विभाग की ओर से एक नलकूूप खुदवाया गया था। जिसका पानी खारा व पीने योग्य नहीं होने के कारण विभाग की ओर से धूड़सर-बड़ली पेयजल योजना बनाकर जोधपुर जिले के कलाऊ गांव से मीठे पानी की जलापूर्ति की जाती थी। गत दो वर्ष पूर्व पोकरण-फलसूण्ड-बालोतरा-सिवाणा पेयजल लिफ्ट परियोजना की बड़ी लाइन लगाने के दौरान धूड़सर-बड़ली पाइपलाइन को भी उखाड़ दिया गया। हालांकि पोकरण स्थित बीलिया हेडवक्र्स से नहर का मीठा पानी उपलब्ध करवाने के लिए दो माह पूर्व पाइपलाइन लगाई गई है। गांव के अलग-अलग मोहल्लों में तीन-चार जीएलआर भी बने हुए है, लेकिन इस पाइपलाइन में अभी तक जलापूर्ति शुरू नहीं की गई है। गर्मी के मौसम की शुरुआत के साथ ही ग्रामीणोंं व मवेशी के लिए पेयजल का संकट बढ़ गया है। ग्रामीणों को 700 रुपए प्रति ट्रैक्टर टंकी से पोकरण कस्बे से पानी खरीदकर मंगवाना पड़ रहा है। जिससे उन्हें परेशानी हो रही है।

विद्यालयों में हेंडपम्प खराब
मोहनगढ़. मोहनगढ़ के नहरी क्षेत्र में आए सरकारी विद्यालयों में लंबे समय से हेण्डपम्प खराब हालत में है, जिन्हें अभी तक दुरुस्त नहीं करवाया गया है। नहरी क्षेत्र में आए राजकीय प्राथमिक विद्यालय 2 एमडी महादेव नगर व राजकीय षिक्षाकर्मी प्राथमिक विद्यालय जीरो आरडी में लगे हेण्डपम्प लंबे समय से खराब है। इस वजह से विद्यालय में पानी की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में धनसिंह राजपुरोहित, शिवसिंह राजपुरोहित, तेजराजसिंह राजपुरोहित, प्रभुसिंह राजपुरोहित, कमलसिंह राजपुरोहित, जमाल खां, शेरू खां आदि ने बताया कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय 2 एमडी महादेव नगर व राजकीय शिक्षा कर्मी प्राथमिक विद्यालय जीरो आरडी में सरकारी हेण्डपम्प लगे हुए है। जो लंबे समय से खराब हालत में है।

Published on:
04 Apr 2019 06:03 pm