जैसलमेर

हत्थूदेवी की हत्या को सोची-समझी साजिश, एसआइटी से निष्पक्ष जांच की मांग

जैसलमेर जिले के झिनझिनियाली थाना क्षेत्र में गत दिनों घर में अकेली महिला हत्थूदेवी की हत्या को सोची-समझी साजिश करार देते हुए क्षेत्रीय सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने मंगलवार को जैसलमेर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर इस गंभीर प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।

2 min read
Apr 28, 2026

जैसलमेर जिले के झिनझिनियाली थाना क्षेत्र में गत दिनों घर में अकेली महिला हत्थूदेवी की हत्या को सोची-समझी साजिश करार देते हुए क्षेत्रीय सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने मंगलवार को जैसलमेर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर इस गंभीर प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की। इस मौके पर बायतु विधायक और मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी भी उनके साथ थे। गौरतलब है कि गत 21 अप्रेल की रात्रि को जिले के जोगीदास का गांव, तेजमालता में किसान परिवार की महिला हत्थूदेवी की उनके कृषि कुएं पर स्थित घर में सोते समय निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस अधीक्षक के साथ वार्ता में बाड़मेर के निवर्तमान जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी, निवर्तमान जिला परिषद सदस्य खेराजराम हुड्डा, हिम्मत चौधरी सहित पीडि़त परिजन मृतका के पुत्र स्वरूपाराम, देवर भलाराम, भाई करनाराम, बहनोई भैराराम एवं भतीजे जेठाराम भी उपस्थित रहे।

भयावह व सुनियोजित घटना

सांसद बेनीवाल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह घटना न केवल भयावह है, बल्कि पूरी तरह से सुनियोजित प्रतीत होती है। जिसने क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी से इस जघन्य अपराध को लूट मानकर समाप्त मान लेना न्याय के साथ समझौता होगा। सांसद ने कहा कि प्रारंभिक तथ्यों से स्पष्ट है कि इस घटना के पीछे गहरी साजिश, अवैध हथियारों का उपयोग, मोबाइल कॉल डिटेल्स की अहम भूमिका तथा साक्ष्यों को मिटाने के प्रयास जैसे कई गंभीर पहलू जुड़े हुए हैं, जिनकी निष्पक्ष और गहन जांच अत्यंत आवश्यक है। सांसद ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि इस हत्याकांड की साजिश का पूर्ण रूप से खुलासा करने के लिए पूरे मामले की उच्च स्तरीय एसआइटी (विशेष जांच दल) का गठन कर स्वतंत्र और पारदर्शी जांच करवाई जानी चाहिए, ताकि वास्तविक दोषियों की पहचान हो सके, उन्हें कठोरतम दंड मिले और पीडि़त परिवार को न्याय मिल सके।

भाजपा नेताओं पर साधा निशाना

सांसद ने इस मामले में भाजपा नेताओं पर चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनका कोई बयान नहीं आना संदेह उत्पन्न करता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग सामान्य घटना पर बुलडोजर लेकर आ जाते हैं, वे इस मामले में चुप क्यों हैं? बासनपीर, डांगरी, बिशाला की घटनाओं में बढ़-चढकऱ आगे आने वाले घर में सो रही एक निहत्थी महिला की कायरतापूर्ण हत्या पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। सांसद ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि इस मामले की हर एंगल से जांच की जाएगी और जो भी लोग इसमें शामिल होंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

Published on:
28 Apr 2026 08:43 pm
Also Read
View All