जैसलमेर

पार्टी को मजबूत बनाने का रोडमैप पेश किया, मैं संघर्ष करने के लिए ही अध्यक्ष बना हूं: अमरदीन

सीमावर्ती जैसलमेर जिले के नए कांग्रेस जिलाध्यक्ष और पंचायत समिति के पूर्व प्रधान अमरदीन फकीर की इस पद पर बीते शनिवार की रात को घोषणा होने के बाद से शहर के ढिब्बा पाड़ा स्थित उनके निवास पर उन्हें बधाई देने और स्वागत करने वालों का हुजूम उमड़ रहा है।

2 min read
Nov 23, 2025

सीमावर्ती जैसलमेर जिले के नए कांग्रेस जिलाध्यक्ष और पंचायत समिति के पूर्व प्रधान अमरदीन फकीर की इस पद पर बीते शनिवार की रात को घोषणा होने के बाद से शहर के ढिब्बा पाड़ा स्थित उनके निवास पर उन्हें बधाई देने और स्वागत करने वालों का हुजूम उमड़ रहा है। इस बीच पत्रिका के साथ खास बातचीत में अमरदीन ने कहा कि वे आमजन के हितों की रक्षा और कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए आंदोलन व संघर्ष करने के लिए ही जिलाध्यक्ष बने हैं। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष तो वे पहले भी बन सकते थे। पूर्व में उन्होंने प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ा था। वर्तमान में जैसे हालात हैं, उन्हें देख कर उन्होंने संगठन का जिला अध्यक्ष बनने का निश्चय किया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी व तमाम राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व ने उन पर विश्वासत जताया।

पेश है कांग्रेस के नए जिलाध्यक्ष से बातचीत के प्रमुख अंश

- पत्रिका : जिलाध्यक्ष की दौड़ में पार्टी ने आपको ही मौका क्यों दिया?

अमरदीन : इस बार हमारे नेता राहुल गांधी ने संगठन सृजन कार्यक्रम के जरिए जिलाध्यक्षों का चयन किया है। जिसमें आम कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया गया। कार्यकर्ताओं की पसंद के आधार पर ही राजस्थान भर में मेरे जैसे युवाओं के साथ महिलाओं और अनुभवी लोगों को जिला अध्यक्ष बनाया गया।
पत्रिका : कांग्रेस में गुटबाजी कैसे दूर करेंगे?
अमरदीन : इस नई जिम्मेदारी में मैं संगठन को ही शक्ति मानकर चलूंगा। गुटबाजी खत्म करने के लिए सभी अनुभवी नेताओं को साथ लूंगा और अब तक जो निष्ठावान कार्यकर्ता पंचायतीराज से लेकर शहरी निकायों तक के चुनावों में वंचित रहे, उन्हें मौका देने का पूरा प्रयास करूंगा।

पत्रिका : जिलाध्यक्ष के रूप में आपकी प्राथमिकताएं क्या रहेंगी?

अमरदीन : संगठन को धरातल पर मजबूत बनाया जाएगा। आमजन की जो भी परेशानियां हैं, उनका निराकरण करवाने के लिए जी-जान से कोशिश करूंगा।
पत्रिका : कांग्रेस को मजबूत करने की क्या योजना है?
अमरदीन : जैसलमेर जिले में कांग्रेस पूरी तरह से मजबूत है। पिछले पंचायतीराज व शहरी निकाय चुनावों में पार्टी ने अच्छी जीत हासिल की थी। विधानसभा चुनावों में राजस्थान का ट्रेक रिकॉर्ड है कि, एक बार कांग्रेस व एक बार भाजपा को जनता मौका देती है। पूर्व में जो गलतियां हुई, उन्हें सुधारा जाएगा। जिससे कांग्रेस में विश्वास जताने वाले आमजन के साथ धोखा न हो।

पत्रिका : शहर में कांग्रेस कैसे मजबूत बनाएंगे?

अमरदीन : शहरी मतदाताओं ने बड़ी उम्मीदों के साथ भाजपा के पक्ष में मतदान किया लेकिन आज वे सबसे ज्यादा दुखी हैं। बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उन्हें कायदे से नहीं मिल पा रही हैं। भाजपा का स्थानीय संगठन और जनप्रतिनिधि विफल साबित हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। इन सब मुद्दों को लेकर कांग्रेस मजबूती से कदम उठाएगी। मुझे विश्वास है कि, हमारे प्रयासों से शहरवासी भी ज्यादा तादाद में कांग्रेस से जुड़ेंगे।

Published on:
23 Nov 2025 11:35 pm
Also Read
View All

अगली खबर