जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सत्येंद्र सिंह ने शुक्रवार को नाचना क्षेत्र का दौरा कर कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस थाना एवं वृत कार्यालय का निरीक्षण कर लंबित प्रकरणों की प्रगति जानी तथा अधिकारियों को प्रभावी गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

नाचना. जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सत्येंद्र सिंह ने शुक्रवार को नाचना क्षेत्र का दौरा कर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा की। दौरे के दौरान पुलिस वृत कार्यालय तथा पुलिस थाना नाचना का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों के साथ बैठक में लंबित प्रकरणों, अपराध नियंत्रण संबंधी प्रयासों और आमजन से जुड़े मामलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा हुई। पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
थाना अभिलेखों और लंबित मामलों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। दौरे के दौरान ग्राम पंचायत भारेवाला परिसर में आयोजित जनसंवाद में ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दे पुलिस महानिरीक्षक के समक्ष रखे। संवाद के दौरान सत्येंद्र सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने सीमावर्ती एवं प्रतिबंधित क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। पुलिस महानिरीक्षक ने भरोसा दिलाया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पुलिस-जन सहयोग से कानून व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का आग्रह भी किया। दौरे के अगले चरण में पुलिस महानिरीक्षक बाहला गांव में जनसुनवाई के बाद तनोट के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, वृत्ताधिकारी गजेंद्रसिंह चंपावत, नाचना थाना प्रभारी लक्ष्मणराम तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
लाठी क्षेत्र के खेतोलाई गांव में गत तीन दिनों से जलापूर्ति व्यवस्था ठप होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। कामधेनु सेना खेतोलाई ग्राम प्रभारी नींबाराम विश्नोई ने बताया कि गांव के विष्णु मोहल्ले में वर्षों पूर्व जीएलआर व पशुखेली का निर्माण करवाया गया था। यहां गत तीन दिनों से जलापूर्ति पूरी तरह से बंद पड़ी है। ऐसे में ग्रामीणों को महंगे दामों में पानी खरीदकर मंगवाना पड़ रहा है। खेतोलाई पशु बाहुल्य गांव होने से मवेशी को भी पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। बावजूद इसके कई बार अवगत करवाने के बाद भी जलापूर्ति सुचारु नहीं की जा रही है। उन्होंने बताया कि गांव में स्थित इस जीएलआर व पशुखेली में यदि शीघ्र जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।