
जैसलमेर. जिला चिकित्सालय के मोर्चरी के बाहर जमा लोग। पत्रिका
जैसलमेर. जिले के खुहड़ी थाना क्षेत्र में गत मंगलवार को युवक महावीर सिंह का अपहरण करने के बाद हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने परिजनों की ओर से दी गई नामजद रिपोर्ट में शामिल 6 जनों को दस्तयाब कर लिया है और घटना में शामिल एक वाहन को भी जब्त किया गया है। गौरतलब है कि गत 9 तारीख को जब महावीर सिंह पुत्र गोरधनसिंह निवासी म्याजलार अपने साथी भोपाल सिंह धानेली के साथ बाइक पर गांव जा रहा था, तब हमीर सिंह पुत्र किशन सिंह निवासी म्याजलार आदि बोलेरो केम्पर गाडिय़ों में सवार होकर आए और उन्होंने महावीर सिंह को रुकवा कर उसके साथ मारपीट कर गाड़ी में ले जाकर सोडा गांव में रोड़ पर फेंक कर चले गए थे। जिसे सरकारी अस्पताल लाए जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस आशय की रिपोर्ट पर पुलिस थाना खुहड़ी में प्रकरण दर्ज किया गया है।
मामले की गम्भीरता के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे की ओर से आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और वृताधिकारी जैसलमेर रूपसिंह इन्दा के सुपरविजन में टीमों को फील्ड में डिप्लॉय किया गया है। पुलिस की ओर से लगातार कोर्डन व सर्च चलाया जाकर एफआइआर में नामजद 6 आरोपियों को दस्तयाब कर लिया गया है और घटना में प्रयुक्त एक वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के अनुसार सभी आरोपियों की धरपकड़ के समुचित प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को दस्तयाब किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील करती है कि वे पुलिस पर भरोसा बनाये रखे। पुलिस की तरफ से इस मामले में मेरिट के आधार पर त्वरित अनुसंधान किया जा रहा है।
दूसरी ओर घटना के तीसरे दिन गुरुवार को दिनभर जिला चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में मृतक के परिवारजन और अन्य ग्रामीण बड़ी संख्या में धरना देकर बैठे रहे। उनसे समझाइश करने के लिए पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त अधीक्षक वहां पहुंचे और कहा कि वे मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाने की मंजूरी दें और शव को उठा लें। इस पर परिवारजनों की ओर से मामले में म्याजलार थानाधिकारी की संदिग्ध भूमिका को लेकर उच्चाधिकारियों के सामने सवाल उठाया गया।
उन्होंने हत्या में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी के साथ थानाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरदीन फकीर और पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल भी धरनार्थियों के बीच पहुंचे। इससे पहले कांग्रेस नेताओं ने गुरुवार को जिला कलक्टर से मुलाकात में भी म्याजलार निवासी युवक की हत्या का मामला उठाया और प्रशासन से उचित कदम उठाने का अनुरोध किया।
Updated on:
11 Jun 2026 08:47 pm
Published on:
11 Jun 2026 08:47 pm
