-गौ शालाओं को दिया जाना है नौ करोड़ रुपए का अनुदान
जैसलमेर. गौ वंश बाहुल्य वाले सीमावर्ती जैसलमेर जिले में सरकारी अनुदान हासिल करने के लिए गौ शालाओं के नाम पर गड़बड़झाले की जांच की जाएगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री को शिकायत किए जाने के बाद हरकत में आए सीएमओ ने पशुपालन विभाग को निर्देश जारी किए। विभाग के अतिरिक्त निदेशक ने जैसलमेर में कुछ गौ शालाओं व चिकित्सा संस्थानों की जांच की। गौ शालाओं की विस्तार से जांच के लिए दल गठित कर आने वाले दिनों में उनकी पड़ताल की जाएगी। गौरतलब है कि जैसलमेर जिले में गो संरक्षण एवं संवर्धन निधि नियम 2016 के अंतर्गत चालू वित्त वर्ष में गौ शाला व कांजी हाउस को अप्रेल, मई और जून इन तीन महीनों में गौ वंश पालन के लिए गौ शालाओं को अनुदान दिया जाना है।
अनुदान के लिए 28 गौ शालाओं का चयन
-पशुपालन विभाग ने जिले की 28 गौ शालाओं को सरकारी नियमानुसार गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए अनुदान का हकदार माना है।
-इन 28 गौ शालाओं में 34 हजार 658 गौ वंश है, जिनमें बड़े गौ वंश की संख्या 27 हजार 680 और छोटे की 6978 है।
-सरकार ने बड़े पशु के लिए 32 तथा छोटे के लिए 16 रुपए प्रतिदिन सहायता राशि निर्धारित की हुई है।
-इस लिहाज से अप्रेल से जून तीन महीनों के लिए गौ शालाओं को 8 करोड़ 97 लाख 66 हजार 720 रुपए की सहायता राशि का वितरण किया जाना है।
-गौ शालाओं का चयन जिला स्तर पर तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम की ओर से निरीक्षण के बाद किया गया।
गौरव यात्रा के दौरान की थी शिकायत
सहायता राशि से वंचित गौ शाला संचालकों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री के गौरव यात्रा के दौरान जैसलमेर आगमन के अवसर पर उन्हें सहायता राशि प्राप्त करने के लिए कथित अनियमितताओं व फर्जीवाड़े की शिकायत की। सरकार के निर्देशानुसार सहायता राशि वितरण से पहले गौ शालाओं की पुन:जांच करवाने का निर्णय लिया गया है। गुरुवार और शुक्रवार को पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक दशरथसिंह ने जिले का दौरा किया। आने वाले दिनों में अतिरिक्त निदेशक की ओर से एक दल का गठन कर विस्तृत जांच करवाई जाएगी। नियमानुसार उन्हीं गौ शालाओं को सहायता राशि का अधिकारी माना जाता है, जहां कम से कम 200 गोवंश का संरक्षण किया जा रहा हो। यह भी जानकारी मिली है कि सरकार ने अब तीन की बजाय छह महीनों के लिए सहायता राशि देने का निर्णय लिया हुआ है। बाकी तीन महीनों की राशि का भुगतान अगले साल किया जाना है।
फैक्ट फाइल -
-28 गोशालाओं को मिलनी है सहायता राशि
-34658 पशुधन का गौ शालाओं में संरक्षण
-03 महीनों की सहायता राशि के भुगतान का मसला
दल गठित कर जांच करवाएंगे
जैसलमेर जिले में गोशालाओं में अनियमितताओं व फर्जीवाड़े की शिकायतें मिली हैं। सरकार के निर्देशानुसार जल्द एक दल का गठन कर उनकी जांच करवाई जाएगी।
-दशरथसिंह, अतिरिक्त निदेशक, पशुपालन विभाग, जोधपुर