11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaisalmer: पेट्रोल डालकर पत्नी को जिंदा जलाने का आरोप, पति हिरासत में, जोधपुर में हुई मौत

राणीसर कच्ची बस्ती में विवाहिता को जिंदा जलाने की घटना से सनसनी फैल गई। गंभीर हालत में जोधपुर रेफर महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, पति हिरासत में है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की, पीहर पक्ष ने दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए।
2 min read
Google source verification
jaisalmer news

मृतका कमला

जैसलमेर. जैसलमेर में राणीसर कच्ची बस्ती में विवाहिता को जिंदा जला डालने की दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। बाद में आरोपी पति और उसके घर वाले महिला को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर गए और वहां से उसे जोधपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पीहर पक्ष की रिपोर्ट और शुरुआती जांच के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में लिया है। दूसरी तरफ पुलिस ने आवश्यक औपचारिकता के बाद शव को पीहर पक्ष को सौंप दिया। शुरुआत में पति ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी ने स्वयं को आग के हवाले किया। जबकि पुलिस की जांच में साफ हुआ कि पति-पत्नी खुले में सो रहे थे और सिर्फ उनका बिस्तर जला था। दोनों बच्चे दादा-दादी के पास सो रहे थे। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज करते हुए पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका के पीहर पक्ष ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था।

अस्पताल से मिली पुलिस को जानकारी

पुलिस को गत रविवार देर रात करीब 1 बजे शहर जिला अस्पताल से सूचना मिली कि रानीसर कच्ची बस्ती निवासी कमला 90 प्रतिशत झुलसी हालत में लाई गई है। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे तुरंत जोधपुर रेफर कर दिया। जहां महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पति प्रकाश ओड, देवर और सास-ससुर महिला को अस्पताल ले गए थे। पति ने पुलिस को यह कहा कि पत्नी ने खुद ही आग लगाई है, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। जांच में सामने आया कि पति-पत्नी घर के बाहर खुले में सो रहे थे और सिर्फ उनका बिस्तर जला हुआ था। जांच में सामने आया कि अगर महिला के खुद को आग लगाई होती तो दोनों जलते। घटना के समय उनके दोनों बच्चे अपने दादा-दादी के पास सो रहे थे। वहीं मृतका के पीहर पक्ष के लोगों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि कमला की शादी 9 साल पहले हुई थी। आरोपी पति प्रकाश ट्रैक्टर और टैक्सी चलाता है। शादी के बाद से ही वह दहेज की मांग करने लगा और कमला के साथ मारपीट करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रकाश ने ही पेट्रोल डालकर कमला को जिंदा जलाया और इस साजिश में परिवारजन शामिल हैं। पुलिस उपअधीक्षक रूपसिंह इंदा ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपी पति प्रकाश को हिरासत में लिया गया है।