जैसलमेर के पुलिस लाइन मार्ग पर स्थित एक रेस्टोरेंट को प्रशासन के निर्देशानुसार खाली करवाया गया। प्रशासन ने इस कार्य के लिए नगरपरिषद से अमला मंगवाया और रेस्टोरेंट में रखा फर्नीचर सहित अन्य सामान बाहर निकलवा कर नगरपरिषद के ट्रेक्टरों के माध्यम से भिजवा दिया।

एक तरह से प्रशासन ने जगह को सीज करने की कार्रवाई को अंजाम दिया। रेस्टोरेंट में लगे एयरकंडीशनर आदि भी उतार लिए गए। इस दौरान जैसलमेर उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल व अन्य अधिकारी-कार्मिक उपस्थित रहे, जबकि सीओ सिटी रूपसिंह इंदा के नेतृत्व में अन्य पुलिस अधिकारी मय जाब्ता वहां मौजूद रहे। रेस्टोरेंट में काम करने वाले एक कार्मिक ने बताया कि बुधवार दिन में प्रशासन का अमला अचानक वहां पहुंचा और कार्रवाई शुरू कर दी। गौरतलब है कि यह जगह डेजर्ट क्लब के पास स्थित है और यहां पिछले कई वर्षों से रेस्टोरेंट का संचालन किया जा रहा है।
इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई के समय पक्षकार उपेंद्रसिंह राठौड़ के अधिवक्ता विपिन कुमार व्यास पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इस जगह को खाली करवाने के लिए प्रशासन की ओर से पूर्व में निर्देश जारी किए गए। जिसके खिलाफ उनके पक्षकार ने कोर्ट से स्टे ले लिया।
कुछ समय बाद कोर्ट ने राजकीय सम्पत्ति का मामला मानते हुए स्टे हटा लिया। इसके पश्चात यह मामला ऊपरी कोर्ट में ले जाया गया है। जहां इस पर सुनवाई होनी है। अधिवक्ता व्यास ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके पक्षकार को न तो इस से पहले कोई नोटिस दिया गया है और न ही सुनवाई का अवसर दिया गया। यह एकपक्षीय कार्रवाई की गई है।