जैसलमेर

Jaisalmer Accident news- अधूरी रह गई खुशियों में शामिल होने की हसरत, गमगीन हुआ माहौल

-सामूहिक विवाह आयोजन में शमिल होने जा रहे परिवार पर टूटा दुःख -वर-वधू की बंदोली में नहीं बजा डीजे, सादगी से हुआ आयोजन
3 min read
Jaisalmer patrika
patrika news


जैसलमेर (पोकरण). वे विवाह में जाने को लेकर उत्साहित थे। उनके चेहरे पर मुस्कान थी। खुशी के माहौल में जाने की आतुरता के बीच ऐसी बुरी नजर लगी कि विवाह समारोह में पहुंचने से पूर्व ही काल ने उन्हें अपनी आगोश में ले लिया और समारोह में जाने की हसरत अधूरी ही रही। रामदेवरा में आयोजित हो रहे ब्राह्मण स्वर्णकार समाज के सामूहिक विवाह में भाग लेने बालोतरा से एक ही परिवार के कुछ लोग अपनी कार से रामदेवरा आ रहे थे, लेकिन रामदेवरा पहुंचने के 35 किमी पूर्व ही कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें सवार पति, पत्नी व पुत्री की मौत हो जाने से खुशियों में माहौल में मातम छा गया।
उन्हें क्या मालूम था...
विवाह समारोह में शिरकत करने बालोतरा से उत्तमचंद सोनी का परिवार सोमवार को अलसुबह अपनी कार से रामदेवरा के लिए रवाना हुआ। हंसी खुशी सभी लोग रामदेवरा आ रहे थे, लेकिन ये खुशी उस समय काफूर हो गई, जब सुबह करीब साढ़े आठ बजे जोधपुर रोड पर उनकी कार मड़ला-डेडिया के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दौरान उत्तमचंद सहित उसकी पत्नी व पुत्री की मौत हो गई। हादसे में एक मासूम सहित दो जने घायल हो गए। दुर्घटना के समाचार मिलते ही रामदेवरा में सामूहिक विवाह में भाग लेने आए समाज के बड़ी संख्या में लोग पोकरण अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों की कुशलक्षेम पूछी तथा उन्हें जोधपुर के लिए रवाना किया।
नहीं बजाए संगीत व डीजे
रामदेवरा में समाज की ओर से आयोजित तृतीय सामूहिक विवाह समारोह के दौरान वर व वधू पक्ष की बंदोलियां निकाली गई। इस दौरान डीजे बुलाया गया था, लेकिन दुर्घटना के समाचार के बाद खुशी मायूसी में बदल गई। विवाह समारोह आयोजन कमेटी की ओर से समारोह स्थल व वर-वधू की बंदोली में डीजे नहीं बजाने का निर्णय लेते हुए विवाह समारोह सादगीपूर्ण संपन्न करवाया गया।

IMAGE CREDIT: patrika

सडक़ हादसे में बाइक सवार घायल
मोहनगढ़. क्षेत्र में आरसीपी कॉलोनी फांटे से नाचना जाने वाली रोड पर मिट्टी डाल दिए जाने से यहां रात्रि के अंधेरे में आए दिन वाहनोंं के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आ रही है। इसी क्रम में रविवार रात्रि में सडक़ के किनारे डाली गई मिट्टी पर एक मोटरसाइकिल चढ़ गई, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को रात्रि में सहायक उपनिरीक्षक पुलिस मगाराम सोलंकी की देखरेख में कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जैसलमेर के लिए रैफर किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ.के.आर.पंवार ने बताया कि रात्रि के समय एक युवक को घायलावस्था में पुलिस द्वारा उपचार के लिए लाया गया था। सहायक उपनिरीक्षक मगाराम सोलंकी ने बताया कि आरसीपी कॉलोनी फांटे से नाचना की तरफ जाने वाली सडक़ पर सडक़ के किनारे ही मिट्टी डाली गई है। रात्रि में रामजीवन पुत्र मोहनराम मेघवाल निवासी रतकुडिय़ा जिला जोधपुर हाल निवासी आरसीपी कॉलोनी मोहनगढ़ की मोटरसाईकिल मिट्टी ढेर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में युवक गंभीर घायल हो गया। रात्रि में ही उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहनगढ़ पहुंचाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार कर अन्यत्र रैफर किया गया।

IMAGE CREDIT: patrika
Published on:
12 Dec 2017 01:34 pm