
जैसलमेर. पश्चिमी सरहद पर बसे जैसलमेर को शुक्रवार को आधुनिक रेल अवसंरचना की बड़ी सौगात मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के जालंधर कैंट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन का लोकार्पण कर राष्ट्र को समर्पित किया। इसी कार्यक्रम में देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन हुआ। उत्तर-पश्चिम रेलवे के अंतर्गत राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर और गोटन स्टेशन भी इस योजना में शामिल रहे। जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय पर्यटन, संस्कृति एवं कला मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत ने पुनर्विकसित स्टेशन की अनावरण पट्टिका का लोकार्पण किया। समारोह में जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, फलोदी विधायक पब्बाराम बिश्नोई, जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय रेलवे अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रही है।
रेलवे स्टेशन अब केवल यात्रियों के आवागमन का केंद्र नहीं, बल्कि शहरों की पहचान और आर्थिक गतिविधियों के प्रवेश द्वार बन रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से स्टेशनों को स्थानीय संस्कृति और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय के साथ विकसित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र के लोगों ने कभी नहीं सोचा था कि जैसलमेर का रेलवे स्टेशन इतना आधुनिक स्वरूप लेगा। यह बदलाव प्रधानमंत्री के दूरदर्शी विकास विजन का परिणाम है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी के लिए यह स्टेशन पर्यटन, व्यापार, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।
पुनर्विकास के दौरान स्टेशन भवन को जैसलमेर की स्थापत्य शैली के अनुरूप स्वर्णिम पीले पत्थरों से आकर्षक स्वरूप दिया गया है। चौड़े प्लेटफॉर्म, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और पेयजल सुविधाओं का विस्तार किया गया है। दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर, रैंप तथा स्पर्शनीय टाइल्स भी विकसित की गई हैं।
स्टेशन परिसर में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे, डिजिटल सूचना डिस्प्ले बोर्ड, आधुनिक सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और अन्य स्मार्ट सुविधाएं स्थापित की गई हैं। इन व्यवस्थाओं से यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि लाठी-भादरिया रेलवे स्टेशन पर जयपुर-जैसलमेर और बांद्रा-जैसलमेर एक्सप्रेस का ठहराव स्वीकृत हो चुका है। शनिवार से दोनों ट्रेनों का ठहराव शुरू होगा। साथ ही जैसलमेर-बीकानेर ट्रेन का समय एक घंटे पहले करने के प्रस्ताव पर भी रेल मंत्रालय स्तर पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि आधुनिक रेलवे स्टेशन लंबे समय से क्षेत्र की आवश्यकता थी। वहीं फलोदी विधायक पब्बाराम बिश्नोई ने बीकानेर-हरिद्वार रेल संपर्क को सुगम बनाने के लिए जैसलमेर-बीकानेर ट्रेन का समय पूर्व निर्धारित करने की आवश्यकता दोहराई।
लोकार्पण समारोह के अवसर पर पूर्व विधायक शैतानसिंह राठौड, समाजसेवी आईदान सिंह भाटी, सुनीता भाटी, अरूण पुरोहित, कंवराज सिंह चौहान, जनकसिंह भाटी, जुगल किशोर व्यास, चन्द्र प्रकाश शारदा, सुशील कुमार व्यास, सवाई सिंह गोगली, बाबूलाल शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं नगरवासी उपस्थित थे।