रेगिस्तान की गोद में बसे व सरहद से सटे जैसलमेर जिले में सुविधाओं का टोटा व संसाधानों का अभाव किसी से छिपा नहीं है।
रेगिस्तान की गोद में बसे व सरहद से सटे जैसलमेर जिले में सुविधाओं का टोटा व संसाधानों का अभाव किसी से छिपा नहीं है। बावजूद इसके धोरों की धरती से निकलकर यहां के बॉस्केटबाल खिलाड़ी देश-दुनिया में बॉस्केटबाल में परचम लहरा रहे हैं। चीन का मकाउ हो या इस्तामुल टर्की, तेहरान हो या ढाका, रुस क येपुतिया हो जॉर्डन या फिर चाहे काठमांडू, थाईलेंड या मलेशिया ही क्यों न हो...। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जैसलमेर के खिलाड़ी देेश की टीम में अपने कौशल से देश-दुनिया में परचम लहरा चुके हैं। इस वर्ष जनवरी 2024 से मई 2024 तक चार राष्ट्रीय स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में जैसलमेर में संचालित हो रही बास्केटबॉल अकादमी के खिलाडिय़ों ने पदक प्राप्त किए हैं। प्रशिक्षण व आवास की बेहतर सुविधा खिलाडिय़ों को मुहैया करवाई जा रही है। गौरतलब है कि वर्ष 2004 में खेल छात्रावास में संचालित होने के बाद वर्ष 2012-13 के घोषित बजट के बाद जैसलमेर बास्केटबाल अकादमी के रूप में जाना जाता है। जैसलमेर बास्केटबाल अकादमी से मनोज कस्वां, योगेश कुमार, महीपालसिंह भाटी, अखिलेश कुमार, मोहम्मद अली व राजवीरसिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पद्धाओं में भाग ले चुके हैं।
राष्ट्रीय स्तर: अब तक 117 पदक हासिल किए, जिसमें 53 स्वर्ण, 35 रजत व 29 कांस्य पदक शामिल है।
राज्य स्तर: अब तक 51 पदक हासिल किए हैं, जिसमें 27 स्वर्ण,16 रजत पदक व 8 कांस्य पदक शामिल है।
वर्ष 2024 : राजस्थान बास्केटबॉल टीम की शान बढ़ा रहा जैसाण
-राजस्थान टीम को जनवरी में खेला इंडिया नेशनल यूथ गेम्स कोयंबटूर में रजत पदक। जैसलमेर अकादमी के तीन खिलाडिय़ों ने किया राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व।
-राजस्थान टीम को फरवरी में जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैम्पियन उड़ीसा में रजत पदक। राजस्थान टीम में जैसलमेर अकादमी के दो खिलाड़ी शामिल।
-राजस्थान टीम में अप्रेल माह में यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैम्पियन पुडुचेरी में स्वर्ण पदक। राजस्थान टीम में जैसलमेर अकादमी के चार खिलाड़ी शामिल।
-राजस्थान टीम में मई माह में जूनियर नेशनल बास्केटबाल चैम्पियनशिप इंदौर में राजस्थान टीम को स्वर्णपदक। जैसलमेर का एक खिलाड़ी टीम में शामिल।
-हाल ही में आयोजित चारों राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी के प्रशिक्षक राकेश विश्नोई राजस्थान टीम के मुख्य प्रशिक्षक रहे।
विगत छह वर्षों में जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी के 11 खिलाडिय़ों को राजकीय सेवा में खेल कोटे से नौकरी मिली है। खिलाडिय़ों ने राजस्थान पुलिस, भारतीय थल सेना, भारतीय जल सेना व भारतीय रेलवे में ज्वाइनिंग की है। वर्ष 2009 से लेकर 2023 तक कुल 25 खिलाडिय़ों को सरकारी नौकरी मिली है।
जैसलमेर बॉस्केटबॉल अकादमी की उपलब्धियां देखते हुए राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद ने जैसलमेर अकादमी की 10 सीटें बढ़ाई है। आगामी जुलाई माह में अकादमी का नवीन सत्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। विगत एक दशक में जैसलमेर के बास्केटबॉल खिलाडिय़ों ने प्रदेश-देश व दुनिया में अपने खेल कौशल से प्रभावित किया है। सुविधाओं के साथ बेहतर माहौल भी सहायक बना है।
- राकेश विश्नोई, प्रशिक्षक, जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी व जिला खेल अधिकारी।