
जैसलमेर. पंचायती राज चुनाव के नतीजों ने जैसलमेर में भाजपा की ग्रामीण सियासत की कमजोर होती जमीन की तस्वीर सामने रखी है। प्रदेश में सत्ता, जनप्रतिनिधियों और संगठन की मौजूदगी के बावजूद पार्टी ग्रामीण मतदाताओं का भरोसा जीतने में विफल रही। चुनाव में अकाल, पेयजल संकट, आमजन की सुनवाई नहीं होना, ओरण-गोचर संरक्षण और कंपनियों को जमीन आवंटन जैसे मुद्दे स्थानीय नाराजगी के केंद्र में रहे। भाजपा इन मुद्दों पर प्रभावी पक्ष रखने में पिछड़ती दिखाई दी। दूसरी ओर, कांग्रेस ने गुटीय खींचतान के बावजूद चुनावी एकजुटता दिखाई और ग्रामीण असंतोष को अपने पक्ष में मोड़ने की रणनीति अपनाई। उधर, जिला प्रमुख और पंचायत समितियों के प्रधान पदों के आरक्षण पार्टी की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहे। इससे कई दावेदारों के राजनीतिक समीकरण बिगड़े। टिकट और पद की संभावनाएं प्रभावित होने से नेता निष्क्रिय हो गए और मैदान में कहीं नजर नहीं आए। ग्रामीण क्षेत्रों में अकाल और पानी की समस्या को लेकर नाराजगी चुनावी माहौल में दिखाई दी। ग्रामीणों का आरोप रहा कि सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं को प्रशासन और सरकार के सामने मजबूती से नहीं उठा सके। कांग्रेस ने इसे प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाया।
कांग्रेस के दो गुटों ने आपसी प्रतिस्पर्धा के बावजूद चुनाव में तालमेल बैठाया। अपने समर्थकों और परिवार के सदस्यों को चुनाव मैदान में उतारकर सीटें निकालने में सफलता हासिल की। इसके उलट भाजपा में संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी प्रबंधन में कमजोरियां नतीजों में दिखाई दीं।
मोहनगढ़ (जैसलमेर)। पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत पंचायत समिति मोहनगढ़ के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 10 के बूथ संख्या 37 पर अब 22 नवंबर को पुनर्मतदान करवाया जाएगा। 20 नवंबर को हुई मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी आने के कारण संबंधित वार्ड के सदस्य पद का परिणाम प्रदर्शित नहीं हो सका। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर राज्य निर्वाचन आयोग ने इस मतदान केंद्र पर हुए मतदान को शून्य (वॉइड) घोषित करते हुए नए सिरे से मतदान करवाने के आदेश जारी किए हैं।
आयोग की ओर से जारी आदेश के अनुसार राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 48ए में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए बूथ संख्या 37 पर 22 नवंबर 2026 को पुनर्मतदान करवाया जाएगा। इसके लिए मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतदान समाप्त होने के बाद इसी दिन रात 9 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी।
पुनर्मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संबंधित बूथ के लिए मतदान दल 21 नवंबर 2026 (शनिवार) को जिला मुख्यालय से रवाना होगा। वहीं जिला परिषद सदस्यों की मतगणना जिला मुख्यालय पर तथा पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना पंचायत समिति मुख्यालयों पर राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न करवाई जाएगी।