20 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaisalmer / jaisalmer: छह माह के प्रवास पर लाठी क्षेत्र पहुंची कॉमन क्रेन, कुरजां के साथ बढ़ी रौनक

jaisalmer: छह माह के प्रवास पर लाठी क्षेत्र पहुंची कॉमन क्रेन, कुरजां के साथ बढ़ी रौनक

कुरजां के बाद अब कॉमन क्रेन की आमद से लाठी का मरुस्थल विदेशी परिंदों की चहचहाहट से गुलजार होने लगा है। करीब दो माह की देरी से पहुंचे इन प्रवासी पक्षियों के झुंड खेतोलाई, धोलिया और कोजेरी नाडी क्षेत्र में दिखाई दिए हैं। सर्दियों के करीब छह माह तक यहां प्रवास करने वाले इन मेहमानों के आगमन से पक्षी प्रेमियों में उत्साह है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 20 Nov 2026, 7:03 PM IST

jaisalmer news

लाठी क्षेत्र पहुंची कॉमन क्रेन

लाठी (जैसलमेर ). मरुस्थल की धरती पर विदेशी मेहमानों की आमद का सिलसिला अब तेज होने लगा है। कुरजां के आगमन के बाद अब उनकी हमशक्ल मानी जाने वाली कॉमन क्रेन ने भी लाठी क्षेत्र में दस्तक दे दी है। बुधवार को खेतोलाई गांव के आसपास इनका झुंड दिखाई दिया। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से इन पक्षियों की राह देख रहे पक्षी प्रेमियों और वन्यजीव प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया। धोलिया और कोजेरी नाडी के आसपास भी इनकी मौजूदगी दर्ज की गई है। सर्दियों के दौरान करीब छह माह तक क्षेत्र में प्रवास करने वाले ये पक्षी फरवरी-मार्च में वापस अपने मूल आवास की ओर रवाना होंगे। आमतौर पर कॉमन क्रेन अगस्त के अंतिम सप्ताह अथवा सितंबर के पहले सप्ताह में लाठी क्षेत्र पहुंच जाती हैं, लेकिन इस बार इनका आगमन करीब दो माह की देरी से हुआ है। क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने और प्राकृतिक जलस्रोतों में पानी की कमी को देरी की संभावित वजह माना जा रहा है। पिछले कई दिनों से पक्षी प्रेमी इनके आगमन का इंतजार कर रहे थे। बुधवार को खेतोलाई के आसपास झुंड दिखाई देने के साथ ही उनका इंतजार खत्म हुआ। पिछले कुछ वर्षों से कॉमन क्रेन का लाठी क्षेत्र में नियमित रूप से प्रवास देखा जा रहा है।

मध्य एशिया से हजारों किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचती हैं

कॉमन क्रेन सहित प्रवासी पक्षियों का राजस्थान के सीमावर्ती जैसलमेर जिले में पहुंचना पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ये पक्षी मध्य एशिया के विभिन्न क्षेत्रों से लंबी दूरी तय कर यहां पहुंचते हैं। कजाकिस्तान, मंगोलिया, साइबेरिया और रूस सहित कई क्षेत्रों से आने वाली प्रवासी प्रजातियां सर्दियों में मरुस्थलीय भूभाग को अपना अस्थायी ठिकाना बनाती हैं। फरवरी और मार्च में मौसम बदलने के साथ इनकी वापसी शुरू हो जाती है। इन पक्षियों की मौजूदगी से क्षेत्र की जैव विविधता के साथ वन्यजीव अध्ययन की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।

नाडी और जलभराव वाले क्षेत्र बनते हैं पसंदीदा ठिकाने

पोकरण वन्यजीव विभाग के सहायक वनपाल कमलेश विश्नोई ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कॉमन क्रेन के आगमन का इंतजार किया जा रहा था। गत बुधवार को खेतोलाई गांव के पास इनका झुंड दिखाई दिया। धोलिया और कोजेरी नाडी के आसपास भी इनकी मौजूदगी दर्ज की गई है। इनके झुंड को कैमरे में कैद किया गया है। आगामी महीनों में इनके प्रवास के दौरान पक्षी प्रेमियों और शोधार्थियों को इनके व्यवहार, रहन-सहन और प्राकृतिक परिवेश में गतिविधियों के अध्ययन का अवसर मिलेगा।

कुरजां से अलग पहचान, आकार और वजन में भी अंतर

कॉमन क्रेन और कुरजां देखने में काफी हद तक एक जैसी नजर आती हैं, लेकिन इनके आकार और शारीरिक बनावट में अंतर है। कॉमन क्रेन कुरजां से कुछ बड़ी होती है। इसकी गर्दन पर काली पट्टी आधी गर्दन तक दिखाई देती है। वजन के मामले में भी यह कुरजां से करीब एक से डेढ़ किलो अधिक होती है। भोजन में मोतिया घास, छोटे कीट और मतीरा इसकी पसंद में शामिल हैं। ये खुले मैदानों और जलभराव वाले स्थानों के आसपास रहना पसंद करती हैं। कई बार कुरजां के समूह के साथ भी दिखाई देती हैं।