जैसलमेर

सुनसान झोपे मे प्रेमी युगल ने उठाया ऐसा कदम,फैली सनसनी

पोकरण क्षेत्र के ओढ़ाणिया व महेशों की ढाणी के बीच स्थित एक खेत में निर्मित झोंपे में रविवार रात्रि में कथित तौर पर प्रेमी युगल ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
2 min read
Mar 11, 2019
jaisalmer
सुनसान झोपे मे प्रेमी युगल ने उठाया ऐसा कदम,फैली सनसनी

जैसलमेर/पोकरण. क्षेत्र के ओढ़ाणिया व महेशों की ढाणी के बीच स्थित एक खेत में निर्मित झोंपे में रविवार रात्रि में कथित तौर पर प्रेमी युगल ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार रविवार रात आठ बजे ओढाणिया निवासी चतुराराम (19) पुत्र पेमाराम नाई व देचू थानांतर्गत एक गांव की निवासी 16 वर्षीय किशोरी ने महेशो की ढाणी सरहद में स्थित एक खेत में निर्मित सूनसान पुराने झोंपे में फांसी का फंदा लगा लिया और इहलीला समाप्त कर ली। लापता युवक की तलाश कर रहे परिजन उसे ढूंढ़ते हुए खेत में पहुंचे, तो यहां उसका शव एक अनजान लडक़ी के साथ यहां स्थित झोंंपे में फंदे पर झूलता पाया गया। युवक के परिजनों व ग्रामीणों की सूचना पर लाठी थाने से थानाधिकारी नेमाराम, मुख्य आरक्षक दईदानसिंह राजपुरोहित मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने लडक़ी की पहचान की और घटना की सूचना लडक़ी के परिजनों को दी। शव नीचे उतरवाकर पोकरण राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए।
अलग-अलग थानों में गुमशुदगी दर्ज
मृतक युवक के पिता पेमाराम ने बताया कि चतुराराम गत आठ मार्च को सुबह नौ बजे ओढाणिया से मोटरसाइकिल लेकर माड़वा निवासी शैतानाराम के पास गया था और वहां से आसरलाई देचू में रिश्तेदार की शादी में शरीक होने गया था। वह देणोक बारात में गया और नौ मार्च को बारात के साथ पुन: आसरलाई आकर रात्रि में मोटरसाइकिल लेकर ओढाणिया के लिए रवाना हुआ, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। उसकी इधर उधर तलाश करने पर भी सुराग नहीं लगा। जिस पर 10 मार्च को पुलिस में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया गया था। इसी प्रकार पुलिस के अनुसार लडक़ी के पिता ने देचू थाने में रिपोर्ट पेश कर बताया था कि गत 10 मार्च को सुबह चार बजे उसकी पुत्री घर से निकल गई, जिसकी इधर उधर तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं लगा।
मोटरसाइकिल देखकर पहुंचे परिजन, तो देखा फंदे पर झूल रहे थे युगल
युवक के परिजनों ने बताया कि वे रविवार की रात्रि में ओढाणिया सहित आसपास क्षेत्र में युवक की तलाश कर रहे थे। इस दौरान महेशो की ढाणी सरहद में स्थित उनके खेत के पास मोटरसाइकिल मिली। उन्होंने खेत में जाकर झोंपे का दरवाजा खोलकर देखा, तो उसमें युवक चुतराराम एक लडक़ी के साथ फांसी के फंदे पर झूला हुआ था। ये देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने इसकी सूचना ग्रामीणों व पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों शव पोकरण राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए। यहां युवक के परिजनों की सहमति से उसका पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। जबकि लडक़ी के परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने और शव उठाने से इनकार कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि लडक़ी को भगाने में देचू थाना क्षेत्र के एक अन्य युवक का हाथ है। उन्होंने उस युवक के गिरफ्तार नहीं होने तक शव उठाने और पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। इस संबंध में उनकी ओर से देचू थाने के आगे धरना शुरू कर निष्पक्ष जांच की मांग करने और आरोपी युवक को गिरफ्तार करने की मांग की। सोमवार शाम समाचार लिखे जाने तक लडक़ी का शव पोकरण राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में पड़ा था। जबकि परिजनों व ग्रामीणों का धरना देचू थाने के आगे जारी था।

Updated on:
11 Mar 2019 10:03 pm
Published on:
11 Mar 2019 10:03 pm