खाना बनाते झुलसी विवाहिता, मौत
लाठी (जैसलमेर). थानाक्षेत्र के चांदनी गांव में मंगलवार को सुबह एक विवाहिता की आग से झुलस जाने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार चांदनी निवासी सम्पतकंवर (21) पत्नी सुमेरसिंह राठौड़ की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी। मंगलवार को सुबह सम्पतकंवर घर की रसोई में खाना बना रही थी। इस दौरान अचानक आग लग गई तथा सम्पतकंवर झुलस गई। परिजनों ने देखा, तो तत्काल आग को बुझाया तथा गंभीर हालत में विवाहित को पोकरण अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत के कारण उसे जोधपुर रैफर कर दिया। जोधपुर ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर लाठी थाने से सहायक उपनिरीक्षक किशनसिंह भाटी पुलिस बल के साथ पोकरण अस्पताल पहुंचे। शादी को मात्र पांच वर्ष का समय होने पर पुलिस ने इसकी सूचना उपखंड मजिस्ट्रेट को दी। जिस पर उपखंड मजिस्ट्रेट व उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई भी अस्पताल पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। पुलिस ने उपखंड मजिस्ट्रेट विश्रोई व परिजनों की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सुपुर्द किया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की।