2 माह से नहीं हो रही दवाइयों की आपूर्ति, मरीज परेशान
पोकरण. क्षेत्र के फलसूंड गांव में स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में गत 2 माह से दवाइयों की आपूर्ति पूरी तरह से बंद पड़ी है। जिसके कारण मरीजों को बाजार से महंगे दामों में दवाइयां खरीदनी पड़ रही है। जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। गौरतलब है कि राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा वितरण योजना संचालित कर अस्पताल में ओपीडी में आने वाले मरीजों के स्वास्थ्य की जांच के बाद दवाइयां नि:शुल्क दी जाती है। गत 2 माह से फलसूंड के राजकीय अस्पताल में जिला मुख्यालय से दवाइयोंं की आपूर्ति पूरी तरह से बंद पड़ी है। जिसके कारण मरीज बाजार से दवाइयां खरीदने को मजबूर हो रहे है। जबकि जिम्मेदारों की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
मरीजों की उमड़ रही भीड़, दवाइयों की कमी
गत एक माह से मौसम में बदलाव नजर आ रहा है। साथ ही क्षेत्र में पूर्व में हुई बारिश के बाद जुकाम, बुखार, मलेरिया, डेंगू आदि के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। ऐसे में अस्पताल में प्रतिदिन 200 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे है। इन मरीजों को अस्पताल में सभी दवाइयां नहीं मिल रही है। यही नहीं ड्रिप सैट, एएसवी इंजेक्शन, सामान्य दवाइयां व इंजेक्शन भी बाजार से लाने पड़ रहे है। बाजार में महंगे दामों में दवाइयां, इंजेक्शन, ड्रिप आदि खरीदना गरीब मरीजों के लिए संभव नहीं हो पाता है। जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। बावजूद इसके जिम्मेदारों की ओर से पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता करवाने एवं मरीजों को राहत दिलाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।