जैसलमेर

विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा – किसानों, महिलाओं और युवाओं को राहत

जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि इन सुधारों से सभी वर्गों को सीधा लाभ मिलेगा।

less than 1 minute read
Sep 16, 2025

देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई 56वीं जीएसटी काउंसिल बैठक में लागू किए गए नए जीएसटी सुधारों से आम जन से लेकर किसान, महिला, युवा और गरीब तक को राहत मिली है। जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि इन सुधारों से सभी वर्गों को सीधा लाभ मिलेगा। भाटी ने बताया कि पहले कर संरचना में चार स्लैब थे, जिन्हें घटाकर अब केवल दो कर दिया गया है। अब सिर्फ 5 और 18 प्रतिशत स्लैब रहेंगे, जबकि विलासिता की वस्तुओं और तंबाकू पर 40 प्रतिशत कर दर रखी गई है। उन्होंने कहा कि साबुन, तेल, टूथपेस्ट, शैम्पू जैसे घरेलू सामान पर पहले 12 से 18 प्रतिशत तक कर था, जिसे घटाकर शून्य या 5 प्रतिशत किया गया है। इससे आम जनता को राहत मिली है।किसानों के लिए भी बड़ा फैसला किया गया है। ट्रैक्टर, सिंचाई उपकरण और कीटनाशकों पर कर दर 18 से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई है। वहीं स्वास्थ्य बीमा पर जीएसटी शून्य कर दिया गया है, जिससे लाखों बीमा धारकों को लाभ होगा। दवाइयों पर टैक्स कम किया गया है और किताबों पर टैक्स पूरी तरह हटा दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।

विधायक भाटी ने कहा कि वाहनों पर कर दरों में कमी आने से मध्यम वर्ग को भी फायदा होगा। उन्होंने दावा किया कि मोदी ने लाल किले से जो वादा जनता से किया था, उसे पूरा कर दिखाया है। हालांकि टैक्स दर घटने से सरकार की आय पर असर होगा, लेकिन जीएसटी संग्रह 11 लाख करोड़ से बढ़कर 22 लाख करोड़ हो गया है। इस सुधार योजना से हर परिवार की जेब में अतिरिक्त धन पहुंचेगा।

Published on:
16 Sept 2025 08:53 pm
Also Read
View All