
जैसलमेर/पोकरण. फलसूण्ड थानाक्षेत्र के दांतल गांव में गत डेढ़ वर्ष पूर्व एक व्यक्ति की हत्या के फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। फलसूण्ड पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार विभिन्न मामलों में फरार व वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करने को लेकर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जैसलमेर व वृताधिकारी पोकरण के निर्देशन में गुरुवार को की गई एक कार्रवाई के तहत डेढ़ वर्ष पूर्व दांतल गांव में आमदखां मंगणियार की हत्या करने के फरार आरोपी ताराराम पुत्र जोगाराम सुथार को गिरफ्तार किया।
यह था मामला
गौरतलब है कि दो अक्टूबर 2017 को दांतल निवासी लोककलाकार छुगेखां मंगणियार की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी कि 27 सितम्बर 2017 की रात उसका भाई आमदखां (50) अपना हारमोनियम लेकर ताराराम के घर जागरण में भजन करने के लिए गया था। घर के पास स्थित आईनाथ मंदिर में ज्योत चल रही थी। यहां बैठे ताराराम ने उसके भाई को कहा कि उसे गाना बजाना नहीं आता है, वह यहां क्यों आया हैै। कुछ देर बाद उसके भाई आमदखां के साथ दांतल निवासी रमेश, श्यामलाल व ताराराम पुत्र जोगाराम का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर तीनों भाइयों ने आमदखां के साथ मारपीट की। वह यहां से भागने लगा, तो वे उसे एक गाड़ी से वापिस मंदिर लेकर आए तथा पुन: मारपीट की व गला घौंटकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने पूर्व में रमेश व श्यामलाल को गिरफ्तार किया था। जबकि मामले का आरोपी ताराराम वारदात के बाद फरार होकर भारत छोडक़र विदेश दुबई भाग गया था। जिस पर पुलिस की ओर से उसे भगोड़ा व स्थाई वारंटी घोषित किया गया था। गुरुवार को थानाधिकारी वगतसिंह मय टीम भोपालसिंह, कौशलाराम की ओर से मुखबीर की सूचना पर मामले के फरार आरोपी ताराराम सुथार को दांतल से गिरफ्तार किया।