जैसलमेर

जैसलमेर के इस क्षेत्र में आक्रोशित किसानों ने नारेबाजी कर किया विरोध प्रदर्शन, जानिए पूरी खबर

सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने से किसान परेशान- नारेबाजी कर किया विरोध प्रदर्शन
2 min read
Nov 01, 2018
jaisalmer
जैसलमेर के इस क्षेत्र में आक्रोशित किसानों ने नारेबाजी कर किया विरोध प्रदर्शन, जानिए पूरी खबर

नाचना. ग्राम पंचायत भारेवाला क्षेत्र की नहरों में चक्रीय प्रणालीनुसार निर्धारित की गई वरीयता का पानी नहीं मिलने से किसानों को परेशानी हो रही है। इसी को लेकर आक्रोशित किसानों ने चारणवाला ब्रांच, जीरो आरडी पर धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। भारेवाला क्षेत्र की चारणवाला ब्रांच जीरो आरडी से निकली सुमार माइनर व शेखूवाला माइनर की लगातार वरियता की दूसरी बारी का पानी पिट जाने से अभी तक रबी की बुआई नहीं हो पाई है। इसी प्रकार मेहराबखां वितरिका सिस्टम की वरियता में पर्याप्त पानी का अभाव होने से किसानों की बारियां पिट रही है, लेकिन नहर विभाग के अधिकारियों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जल प्रबंध समिति मेहराबखां वितरिका के अध्यक्ष देवीलाल, सुमार माइनर के अध्यक्ष गजानन, जेडब्ल्यूएम नहर के अध्यक्ष गोपीराम, एमकेएम द्वितीय नहर के अध्यक्ष कृष्णलाल ने बताया कि किसानों की ओर से हजारों रुपए की राशि खर्च कर सींचित काश्त के लिए खेत तैयार किए गए है, लेकिन निर्धारित वरियता में छेड़छाड़ कर किसानों को सिंचाई का पानी उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 22 अक्टूबर को आयुक्त क्षेत्रीय विकास बीकानेर को एक ज्ञापन प्रेषित कर मांग भी की गई थी। जिस पर अतिरिक्त आयुक्त क्षेत्रीय विकास ने मुख्य अभियंता इंगानप बीकानेर व अतिरिक्त मुख्य अभियंता रेग्यूलेशन को पत्र प्रेषित कर चक्रीय कार्यक्रम के अनुसार 19 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक चक्रीय कार्यक्रम के अनुसार सिंचाई का पानी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के बावजूद चारणवाला शाखा खण्ड द्वितीय बीकमपुर के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता की ओर से किसानों को उनके हक का पानी नहीं दिया जा रहा है। जिससे किसानों को परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि यदि इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो एक नवम्बर को जीरो आरडी हेड रेग्युलेटर पर बेमियादी धरना शुरू किया जाएगा। इस मौके पर सुरेन्द्र, ओमप्रकाश, कृष्णलाल, अब्दुलखां, रामलाल, कायमदीन, सांगाराम, निजामदीन, रामनारायण, शरीफखां, रामचंद्र सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Updated on:
01 Nov 2018 11:09 am
Published on:
01 Nov 2018 11:09 am