29 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: मोहनगढ़ में खेत में गिरा बम, जोरदार धमाके से दहला क्षेत्र

मोहनगढ़ के नहरी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर खेत में बम गिरने से जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज 5-6 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। चांधन फील्ड फायरिंग रेंज में परीक्षण के दौरान निशाना चूकने से बम गिरने की आशंका, खेत में काम कर रहा किसान बाल-बाल बचा। घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई, पुलिस और सेना की टीम मौके पर पहुंची, कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 29 Oct 2026, 8:43 PM IST

jaisalmer news

मोहनगढ़ के तीन केएनएम में खेत में गिरा बम ।

मोहनगढ़ (जैसलमेर). नहरी क्षेत्र के 3 केएनएम में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे तुलछाराम के खेत में बम गिरने से जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज पांच-छह किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास के मकानों के खिड़की-दरवाजे और टीन शेड तक तेज आवाज से बजने लगे। अचानक हुए धमाके से क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना के समय किसान खेत में काम कर रहा था। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। जानकारी के अनुसार, मोहनगढ़ के पास स्थित चांधन फील्ड फायरिंग रेंज में परीक्षण के दौरान निशाना चूकने से बम खेत में गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मोहनगढ़ थानाधिकारी गुमान सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद सेना की टीम भी मौके पर पहुंची। थानाधिकारी ने क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं होने की जानकारी देते हुए इनकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की जरूरत बताई, ताकि किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

किसानों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

खेत में बम गिरने की घटना ने नहरी क्षेत्र में खेती-किसानी करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पिछले सात साल में इस तरह की यह तीसरी घटना है। नहरी क्षेत्र के खेतों में किसान और कृषि श्रमिक नियमित रूप से काम करते हैं। ऐसे में फील्ड फायरिंग रेंज में परीक्षण के दौरान बम का खेत में गिरना गंभीर चिंता का विषय है। ग्रामीणों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल खेतों में काम करते समय सुरक्षा का है। ग्रामीणों ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपायों की जरूरत जताई है।

भोजका फांटे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण टक्कर, युवक गंभीर घायल, जैसलमेर रेफर

लाठी @ पत्रिका. सदर थाना क्षेत्र के भोजका फांटे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 पर गुरुवार देर शाम एक तेज रफ्तार से पिकअप ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के अनुसार, फलोदी जिले के कुशलावा गांव निवासी श्यामनाथ (24) चांधन क्षेत्र के सांवला गांव में कृषि कार्य करता है। गुरुवार शाम वह चांधन गांव से ट्रैक्टर में डीजल भरवाने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए सांवला लौट रहा था। इस दौरान भोजका फांटे के पास पीछे से आई तेज गति पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आईवर सिंह पातावत सहित आसपास के ग्रामीण पहुंचे और घायल श्यामनाथ को तत्काल चांधन चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए जैसलमेर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है। चांधन चौकी से चुतराराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना की जानकारी जुटाई तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।