28 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

चुनाव: भयमुक्त मतदान को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करें: आयुक्त

पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण को लेकर जैसलमेर में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की गई। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने भयमुक्त, स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा व व्यवस्थाएं पुख्ता करने के निर्देश दिए। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता के साथ पेयजल, बिजली, शौचालय और रैम्प जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 28 Oct 2026, 8:55 PM IST

jaisalmer

जैसलमेर.  चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए। पत्रिका

जैसलमेर . राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वरसिंह ने कहा कि पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण में हर मतदाता भयमुक्त वातावरण में स्वतंत्र व निष्पक्ष रूप से मतदान कर सके। इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी से कार्य करें। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए मतदान व मतगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं। सिंह ने बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में चतुर्थ चरण के निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए ये निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त सुरक्षा जाब्ता तैनात किया जाए। मतदान दलों के गंतव्य स्थलों तक समय पर पहुंचने, उनके ठहरने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रभावी तैयारी रखी जाए। आयुक्त ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, प्रकाश, शौचालय, साफ-सफाई और रैम्प सहित सभी बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील व क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने चतुर्थ चरण की तैयारियों की समीक्षा की

एरिया मजिस्ट्रेट व सेक्टर ऑफिसर्स को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा। सिंह ने जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय व मुस्तैद रखने तथा निर्वाचन से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जैसलमेर सीमावर्ती जिला होने के कारण सुरक्षा व कानून-व्यवस्था के संबंध में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखें और किसी भी अवांछित घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। आयुक्त ने जिले में मतदाता जागरूकता के लिए किए गए नवाचारों की सराहना की। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल ने चतुर्थ चरण के निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले की 10 पंचायत समितियों में चुनाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि चतुर्थ चरण के मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्रपाल सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी यथार्थ शेखर, विशेषाधिकारी चुनाव रोहित वर्मा, उपखण्ड अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।