रामदेवरा। खेतों में पककर तैयार खरीफ की फसल और मौसम की अनिश्चितता ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कटाई समय पर पूरी करने के लिए स्थानीय स्तर पर श्रमिक नहीं मिलने से किसान मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात सहित दूसरे राज्यों से आने वाले मजदूरों पर निर्भर हैं। रामदेवरा रेलवे स्टेशन से नाचना चौराहे तक श्रमिकों की आवाजाही बढ़ गई है। मोहनगढ़, नाचना, भारेवाला, लोहारकी और नोख सहित दूरदराज के क्षेत्रों से किसान वाहन लेकर मजदूरों की तलाश में पहुंच रहे हैं। तेज हवाओं से पकी फसल के दाने झड़ने और मौसम बिगड़ने से नुकसान की आशंका किसानों को जल्द कटाई के लिए प्रेरित कर रही है। कई किसान परिवार सहित खेतों में जुटे हैं, जबकि पर्याप्त श्रमिक नहीं मिलने पर प्रवासी मजदूरों का इंतजार करना पड़ रहा है। क्षेत्र में कम मानसूनी बारिश के कारण खरीफ की फसल का उत्पादन मुख्य रूप से नलकूपों से सिंचित खेतों में हुआ है। अब तैयार फसल को सुरक्षित समेटना किसानों की प्राथमिकता है। कटाई में देरी से मेहनत और खेती की लागत पर पानी फिरने की आशंका बनी हुई है।