
जैसलमेर. भारतीय कॉ-आपरेटिव लिमिटेड (कृभको) के तत्वावधान एवं सहकारी विभाग के सहयोग से डीआरडीए सभागार में जिला सहकार गोष्ठी का आयोजन किया गया। एफएआइ महानिदेशक सतीश चन्द्र मुख्य अतिथि और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामेश्वर मीना अध्यक्ष के तौर पर उपस्थित थेे। इस अवसर पर जेसीसीबी के प्रबंध निदेशक डॉ. आरके गुप्ता, विपणन निदेशक कृभको वीएस सिरोही, महाप्रबंधक कृभको नरेन्द्र कुमार भादू, उपनिदेशक कृषि विस्तार डीआर गोदारा विशिष्ट अतिथि थे। महानिदेशक ने कहा कि कृभको भारत सरकार के सहयोग से किसानों को अच्छी गुणवत्ता का खाद-बीज कम कीमत पर उपलब्ध करवाता है। संस्था का उद्देश्य किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना है। मीणा ने जैसलमेर में रेलवे रेक की व्यवस्था करवाने पर जोर दिया। उन्होंने कृभको से कहा कि वे किसानों के हित के लिए संस्था के सामाजिक सरोकार के बजट से डिग्गी निर्माण की सुविधा दिलाए। महाप्रबंधक नरेन्द्र कुमार भादू ने कहा कि कृभको प्रतिवर्ष 14 लाख मैट्रिक टन का खाद बनाकर किसानों को उपलब्ध करवाती है। इसके साथ ही 22.50 लाख टन उर्वरक यूरिया का उत्पादन किया जाता है।
कृभको के वरिष्ठ राज्य प्रबंधक एचएस रणवा ने गोष्ठी के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक विपणन प्रकाश निशाकर ने किया। उपनिदेषक कृषि विस्तार ने कहा कि जैसलमेर में कृषि के क्षेत्र में उत्तरोत्तर वृद्वि हो रही है इसलिए कृभको को खाद के क्षेत्र में आवश्यकता के अनुरूप खाद देने की जरूरत है। सहकारी संस्था के अध्यक्ष लतीफ खां ने 6 माह तक के लिए सहकारी संस्थाओं को उधार खाद देने की मांग की। नीति आयोग के कॉर्डिनेटर गौरव ने सहकारी संस्थाओं के लिए केंद्रीय योजनाओं के बारे में बताया।
साफा बांधो प्रतियोगिता संबंधी बैठक 4 को
जैसलमेर. जैसलमेर में आगामी 17 से 19 फरवरी तक आयोजित होने वाले मरु महोत्सव के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग की ओर से तैयारियां जोरों शोरों से हो रही है। जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशानुसार मरु महोत्सव के पहले दिन 17 फरवरी को करीब 5000 लोगों द्वारा साफा बंाधने की रिकॉर्ड प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसकी तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर की अध्यक्षता में 4 फरवरी को सायं 4 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक का आयोजन किया गया है। प्रभारी मरु महोत्सव मोहनदान रतनू ने यह जानकारी दी।