
जैसलमेर. पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जिले में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शनिवार को जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्यों तथा पंच-सरपंच पदों के चुनाव की लोकसूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा, जबकि पंच-सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके बाद जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उपप्रधान के चुनाव की प्रक्रिया 25 से 28 नवंबर तक चलेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से 3 अक्टूबर को चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जा चुका है। इसके साथ ही संबंधित पंचायतीराज क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है, जो चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी। जिला प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 31 अक्टूबर से नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन जमा कराने की अंतिम तिथि 4 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। सार्वजनिक अवकाश के दिनों को छोड़कर निर्धारित समय में नामांकन स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 5 नवंबर को सुबह 11 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 6 नवंबर निर्धारित है। इसी दिन दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके तत्काल बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन पत्र 15 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसी दिन सुबह 11:30 बजे तक नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। इसके तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित स्थानों पर की जाएगी। उपसरपंच पद के लिए 17 नवंबर को चुनाव होगा।
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इन पदों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से जिला मुख्यालय पर की जाएगी। इसके बाद जिला प्रमुख पद के लिए 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख के लिए 26 नवंबर, प्रधान पद के लिए 27 नवंबर और उपप्रधान पद के लिए 28 नवंबर को मतदान होगा। इन पदों की मतगणना और परिणाम की घोषणा मतदान समाप्ति के तुरंत बाद की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसके तहत नई योजनाओं, नए विकास कार्यों और नए कार्यादेश जारी करने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, आचार संहिता लागू होने से पहले जिन कार्यों के कार्यादेश जारी हो चुके हैं अथवा जिनका निर्माण पहले से चल रहा है, वे प्रभावित नहीं होंगे।