जैसलमेर

पोकरण: हर्षोल्लास के साथ मनाया हनुमान जन्मोत्सव, मंदिरों में चढ़ाया रोटे का प्रसाद

स्वामी भक्ति व ब्रह्मचर्य के प्रतीक हनुमान के जन्मोत्सव का पर्व कस्बे में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया और लोगों ने प्रसाद चढ़ाकर अमन चैन व खुशहाली की प्रार्थना की।

2 min read
Apr 02, 2026

स्वामी भक्ति व ब्रह्मचर्य के प्रतीक हनुमान के जन्मोत्सव का पर्व कस्बे में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया और लोगों ने प्रसाद चढ़ाकर अमन चैन व खुशहाली की प्रार्थना की।

हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर कस्बे से 8 किमी दूर फलसूंड मार्ग पर स्थित बांकना हनुमान मंदिर व ऐतिहासिक सालमसागर तालाब पर स्थित हनुमान मंदिर में गेहूं के रोटे का चूरमा बनाकर प्रसाद चढ़ाया गया। गुरुवार शाम करीब सात बजे मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। इससे पूर्व हनुमान प्रतिमा का सिंदुर से मालीपन्ने लगाकर श्रृंगार किया गया व मंदिर को फूलों से सजाया गया और विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड, हनुमान चालिसा व हनुमानाष्टक के पाठ किए गए। इसी प्रकार महारथी मारुति सेवा सदन आश्रम स्थित हनुमान मंदिर में विशेष सजावट की गई। जैसलमेर रोड स्थित सेलवी स्थित कदली वन सिद्धपीठ हनुमान मंदिर के संत ओम महाराज व बालसंत वेदप्रकाश ने बताया कि गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर विशेष पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया गया। दोपहर में आरती के बाद प्रसादी का वितरण किया गया।

चमेली के तेल से किया अभिषेक

बांकना हनुमान मंदिर में पुजारी जगदीश जोशी के सानिध्य में विशेष पूजा-अर्चना की गई। दोपहर बाद सुंदरकांड, हनुमान चालीसा व आरती के बाद प्रसादी का वितरण किया गया। कस्बे के सालमसागर तालाब पर स्थित ऐतिहासिक हनुमान मंदिर में सुबह पुजारी हरिवंश दवे के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इस मौके पर हनुमान प्रतिमा पर चमेली के तेल से अभिषेक किया गया। सिंदूर व मालीपन्नों से प्रतिमा पर श्रृंगार किया गया। दिन भर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। शाम चार बजे मंदिर में सुंदरकांड का पाठ किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक स्वर में सुंदरकांड का पाठ किया। इसी प्रकार गांधी चौक के निकट स्थित इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर, भवानीप्रोल स्थित हनुमान मंदिर में भी हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया गया और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

351 किलो के रोट का बनाया चूरमा

कस्बे के फलसूंड रोड स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक बांकना हनुमान मंदिर में इस वर्ष 351 किलो गेहूं के आटे का एक रोट बनाकर प्रसाद चढ़ाया गया। इसे दो दिन पूर्व अंगारों में सिकने के लिए रखा गया था। इस रोटे का करीब 10 क्विंटल का चूरमा बनाया गया। जिसका प्रसाद चढ़ाकर श्रद्धालुओं में प्रसादी का वितरण किया गया। मंदिर में प्रतिमा पर बागा किया गया व पूजा-अर्चना कर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी प्रकार सालमसागर तालाब स्थित हनुमान मंदिर में भी 351 किलो गेहूं के आटे का रोटे का प्रसाद चढ़ाया गया। साथ ही दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर शाम को करीब 1000 किलो चूरमे की प्रसादी का वितरण किया गया। इस मौके पर मंदिर को आकर्षक रोशनी व फूल मालाओं से सजाया गया। शाम को हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर मेले का आयोजन हुआ।

Published on:
02 Apr 2026 08:23 pm
Also Read
View All

अगली खबर