
जैसलमेर. जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में आजादी के 70 साल बाद भी कई विकट समस्याएं मौजूद हैं। इस दौरान विभिन्न पार्टियों की सरकारें राजस्थान में सत्ता में आई और गई, लेकिन ये समस्याएं आज भी अस्तित्व में हैं। इनसे निजात पाने का एकमात्र तरीका ‘जन एजेंडा’ ही है। जो भी राजनीतिक दल चुनावों में वोट मांगने आए उन्हें इस एजेंडा से अवगत करवाया जाए और उन्हें जन एजेंडा को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। यह विचार जैसलमेर की होटल सनसाइन में राजस्थान पत्रिका की ओर से स्वच्छ राजनीति के उद्देश्य से चलाए जा रहे गेमचेंजर अभियान के तहत आयोजित जन एजेंडा निर्माण संबंधी बैठक में उपस्थित प्रबुद्धजनों ने व्यक्त किए। इस मौके पर मौजूद चेंजमेकर, वॉलिंटियर्स तथा विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजनों ने शिक्षा, चिकित्सा, पर्यटन, नहरी पानी, सडक़, बिजली, विरासत संरक्षण, रोजगार, उद्योग आदि के संबंध में विचार व्यक्त किए।
पोकरण. राजस्थान पत्रिका के चेंजमेकर्स अभियान के तहत जन एजेण्डा 2018-23 को लेकर कस्बे के चेंजमेकर्स व प्रबुद्धजनों की बैठक स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित की गई। जिसमें युवा, महिला, चिकित्सक, छोटे दुकानदार, वरिष्ठ नागरिक, शिक्षाविद्, किसान, मजदूर वर्ग के लोगों ने पोकरण विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की तथा जन एजेण्डा तैयार किया। प्रारंभ में चेंजमेकर्स बदलाव के नायक स्वच्छ करे राजनीति अभियान व विभिन्न समस्याओं को लेकर जन घोषणा पत्र 2018-23 तैयार करने के बारे में जानकारी दी। बैठक में अलग-अलग वर्ग से आए लोगों ने कस्बे से जुड़ी विभिन्न समस्याओं व उनके निराकरण को लेकर अपनी राय दी। बैठक के दौरा उच्च शिक्षा, महिला, शिक्षा, औद्योगिक विकास, आर्थिक सुधार, रोजगार आदि से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई।
सरपंच संघ ने दिया समर्थन
जैसलमेर. पंचायती राज सेवा परिषद के तत्वाधान में आरआरडीएस, पीईओ व वीडीओ की मांगों पर राज्य सरकार से लिखित में बार-बार समझौता होने पर लागू नहीं करने के कारण तीनों घटक 12 सितम्बर से सामुहिक अवकाश पर होने के कारण आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरपंच संघ जिला जैसलमेर ने पंचायतीराज सेवा परिषद के कर्मचारियों की वाजिब मांगों का समर्थन किया है।