रामगढ़ कस्बे के मुख्य बाजार में बुधवार दोपहर एक व्यक्ति पर लकड़ी के लठ और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया।
रामगढ़ कस्बे के मुख्य बाजार में बुधवार दोपहर एक व्यक्ति पर लकड़ी के लठ और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया। गैराजा, शाहगढ़ निवासी उमर खान पुत्र शाहू खान ने पुलिस थाना रामगढ़ में शिकायत दी कि वह निजी कार्य से कस्बे में आया था। दोपहर करीब 12 बजे भारतीय स्टेट बैंक शाखा के सामने इसेखान पुत्र खानू खान, सुमार खान पुत्र उमर खान, पठाण खान पुत्र उमर खान और चनेसर पुत्र खंगारखान निवासी झालरिया, हरणाउ एक राय होकर पुरानी जीप में पहुंचे और अचानक उस पर हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने बड़े-बड़े लकड़ी के लठ और कुल्हाड़ियों से वार किए, जिनमें एक धारदार वार सिर पर लगने से गहरा घाव हो गया और काफी खून बहने लगा। मौके पर मौजूद सुखे खान, सोयब और मगन खान ने बीच बचाव कर उमर खान को छुड़ाया और गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
उमर खान ने बताया कि आरोपियों ने पहले भी तीन बार ऐसे ही जानलेवा हमले किए हैं, जिनकी रिपोर्टें पुलिस थाना शाहगढ़ में दर्ज हैं। उनके अनुसार घटना के बाद भी आरोपियों ने धमकियां दी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।