पत्रिका की ओर से चलाए जा रहे मोहल्ला मीटिंग कार्यक्रम के अंतर्गत राजस्थान पत्रिका ने शुक्रवार को शिव मार्ग क्षेत्र में विविध वर्गों के लोगों के साथ बैठक की।
पत्रिका की ओर से चलाए जा रहे मोहल्ला मीटिंग कार्यक्रम के अंतर्गत राजस्थान पत्रिका ने शुक्रवार को शिव मार्ग क्षेत्र में विविध वर्गों के लोगों के साथ बैठक की। इस बातचीत में उन्होंने रोष जताया कि शहर के मुख्य इलाकों में शामिल इस क्षेत्र की समस्याओं की तरफ जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या पूरे क्षेत्र में वाहनों की बेतरतीब पार्किंग है। हर कोई मनमाने ढंग से सडक़ के दोनों किनारों से लेकर काफी हद तक सडक़ पर ही वाहन खड़े कर देते हैं। जिससे सुचारू यातायात में बड़ी बाधा उत्पन्न हो गई है। कुछ वर्षों पहले एसबीआइ चौराहा से पूरे शिव मार्ग की सडक़ का विस्तारीकरण करवाया गया था। इसका फायदा आमजन को आवाजाही में मिलना चाहिए था लेकिन सडक़ का विस्तार होने के बाद उसी तर्ज पर चार पहिया व दुपहिया वाहनों का जमावड़ा भी बढ़ गया। शिव मार्ग से लगते मंगलङ्क्षसह पार्क के पास वाली सडक़ पर हर समय गंदगी फैली नजर आती है। आए दिन नाले-नालियों का गंदा व बदबूदार पानी ओवरफ्लो होकर सडक़ पर बिखरा रहता है। इससे इतनी गंदगी फैल जाती है कि पैदल चलने वालों को रास्ता बदलने पर मजबूर होना पड़ता है, जबकि यहां दिन-रात लोगों की आवाजाही का दौर बना रहता है।
मीटिंग में शामिल लोगों ने बताया कि पर्यटन सीजन के समय व्यवस्थाओं में सुधार के लिए जिम्मेदार विभागों के कार्मिक सक्रिय नजर आते थे लेकिन अब चूंकि सीजन धीमा हो गया है, तो वे भी अन्यत्र व्यस्त हो गए हैं। सोनार दुर्ग से आवाजाही के इस प्रमुख मार्ग व लगते इलाकों की कोई खैर-खबर नहीं ले रहा है।
स्थानीय बाशिंदों ने बताया कि क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था माकूल नहीं है। इस वजह से नालियों व नालों का पानी ओवरफ्लो होकर सडक़ पर बहने लगता है। मंगलसिंह पार्क के पास सडक़ के साथ समूचे शिव मार्ग पर आवारा श्वानों की समस्या एक बड़ा संकट बन गई है। इसकी रोकथाम के लिए कोई गम्भीर नहीं है।
मोहल्ला मीटिंग में श्यामसिंह उदावत, महेन्द्र व्यास, कूम्पसिंह, टाऊराम जयपाल, पंकज छंगाणी, अपरसिंह फुलिया, रमजान खान, लूणे खां आदि ने भाग लिया और समस्याओं से अवगत करवाया।