जैसलमेर जिले के अड़बाला गांव निवासी और इंडो तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (आइटीबीपी) के असिस्टेंट कमांडेंट रघुनाथ सिंह भाटी का गुरुवार को सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
जैसलमेर जिले के अड़बाला गांव निवासी और इंडो तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (आइटीबीपी) के असिस्टेंट कमांडेंट रघुनाथ सिंह भाटी का गुरुवार को सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्रों भानुप्रतापङ्क्षसह और सूर्यप्रताप सिंह ने पिता को मुखाग्नि दी। इस मौके पर बड़ी संख्या में परिवारजन, ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, आइटीबीपी के अधिकारी व जवान आदि उपस्थित थे।
लोगों ने रघुनाथसिंह अमर रहे और भारतमाता की जय के नारों से आसमान गुंजा दिया। गौरतलब है कि रघुनाथ सिंह पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में तैनाती पर थे और वहां एक सडक़ हादसे में गत 13 अप्रेल को गम्भीर रूप से घायल हो गए थे। उसके बाद उनका दिल्ली के सैन्य अस्पताल में उपचार चल रहा था। उन्होंने गत 29 अप्रेल को दिल्ली में अंतिम सांस ली। उसके बाद उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से फलौदी एयरबेस तक लाया गया। जहां से सडक़ मार्ग से फतेहगढ़ उपखंड के अंतर्गत उनके गांव अड़बाला पहुंचा। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने उनकी पार्थिव देह पर पुष्पवर्षा कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। ग्रामीणों ने सडक़ पर रंगोली से रघुनाथ अमर रहे लिखा। गुरुवार दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी के अनुसार रघुनाथ सिंह बीते लम्बे समय से दिल्ली में तैनात थे और इस दौरान उनकी ड्यूटी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए लगाई गई थी।
इससे पहले फलौदी एयरबेस से सेना के ट्रक में शहीद अधिकारी भाटी का शव पोकरण, सांकड़ा और चेलक फांटा होते हुए गुरुवार सुबह करीब 9.30 बजे अड़बाला पहुंचा। उनके निवास पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। उनकी पार्थिव देह को तिरंगे में लपेट कर सेना के ट्रक में अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। रास्ते भर में लोगों ने नारे लगाए। अंतिम संस्कार से पहले लोगों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उनके बेटों ने पारंपरिक रीति से मुखाग्नि दी। इस दौरान रघुनाथ सिंह के भाई वीर सिंह, उगम सिंह और अगर सिंह भी मौजूद रहे। आइटीबीपी के अधिकारियों और जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। साथ ही जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
गत 13 तारीख को अड़बाला निवासी रघुनाथ सिंह भाटी पुत्र आम्बसिंह अपने साथियों के साथ लौट रहे थे, उस दौरान उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उनके पैर में फ्रेक्चर हुआ और गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। इसके बाद उन्हें दिल्ली के सैन्य अस्पताल में उन्हें भर्ती कर उपचार किया गया। उपचार के दौरान गत बुधवार को उनका निधन हो गया।
अड़बाला में शहीद अधिकारी को श्रद्धांजलि देने वालों में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव, महंत बाल भारती, आइटीबीपी के अधिकारी व जवान, परिजन और ग्रामीणों के साथ फतेहगढ़ उपखंड अधिकारी भरत गुर्जर, तहसीलदार फतेहगढ़ नखत सिंह, उपअधीक्षक रूपसिंह इंदा, मनोहर सिंह अड़बाला, कुणाल सिंह अड़बाला आदि शामिल रहे।