जैसलमेर

Jaisalmer: दिन ढलते ही अंधेरे में गुम हो रही स्वर्णनगरी, राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जोखिम बढ़ा

रात ढलते ही जैसलमेर की स्वर्णनगरी का बड़ा हिस्सा अंधेरे में डूब जाता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर की कई मुख्य सड़कें, कॉलोनियां और बाजार क्षेत्र खराब व बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के कारण पर्याप्त रोशनी से वंचित हैं।

2 min read
Jun 16, 2026
jaisalmer light
जैसलमेर। कलाकार कॉलोनी में बंद रोड लाइट।

जैसलमेर. दिन भर की चहल-पहल और सुनहरी आभा से दमकने वाली स्वर्णनगरी का बड़ा हिस्सा रात होते ही अंधेरे में गुम हो रहा है। शहर की कई मुख्य सड़कें, आवासीय कॉलोनियां, बाजार क्षेत्र और सार्वजनिक स्थान आए दिन पर्याप्त रोशनी के अभाव में नजर आ रहे हैं। खराब स्ट्रीट लाइटें और उनके रख-रखाव में बरती जा रही सुस्ती ने न केवल आमजन की परेशानी बढ़ा दी है, बल्कि शहर की सुरक्षा, पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय व्यापार पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालना शुरू कर दिया है। शहर के विभिन्न इलाकों में बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। कई स्थानों पर पोल तो लगे हुए हैं, लेकिन उनमें लगी लाइटें या तो खराब हैं अथवा पर्याप्त रोशनी नहीं दे रही हैं। इसके चलते रात के समय राहगीरों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे वाले क्षेत्रों में दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।

स्थानीय निवासी बोले- बेहद धीमी गति से आगे बढ़ता है कार्य

स्थानीय निवासी कविता शर्मा, रमेशचंद्र, महेन्द्र माहेश्वरी आदि बताते हैं कि रात्रिकालीन प्रकाश की अव्यवस्थाओं के बारे में स्थानीय बाशिंदों की ओर शिकायतें दर्ज करवाने के बावजूद खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत समय पर नहीं हो रही। कहीं मरम्मत कार्य शुरू होता भी है तो वह बेहद धीमी गति से आगे बढ़ता है। परिणामस्वरूप समस्या कई दिनों तक बनी रहती है।

यह भी परेशानी

जैसलमेर की पहचान देश-दुनिया में एक प्रमुख पर्यटन नगरी के रूप में है। शाम ढलने के बाद भी पर्यटक किला क्षेत्र, बाजारों, चौकों और प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करना पसंद करते हैं। हालांकि वर्तमान में पर्यटकों की संख्या सीमित है। शहर की रात्रिकालीन आकर्षण क्षमता कम होने से बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।व्यापारी महेन्द्रसिंह व सौभाग्यमल बताते हैं कि रोशनी की कमी का सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है। शाम को ग्राहकों की संख्या घटने लगी है, जिससे बाजारों की रौनक पहले जैसी नहीं रही। नागरिक संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद तथा संबंधित विभागों से शहर की समस्त स्ट्रीट लाइटों का विशेष सर्वे करवाने, खराब लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने तथा नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

कर रहे शिकायतों का निपटारा

शहर में जहां कहीं से रोड लाइटों के बंद होने संबंधी समस्या सामने आती है, उनका निस्तारण प्राथमिकता से करवाया जा रहा है।

- लजपालसिंह सोढ़ा, आयुक्त, नगर परिषद जैसलमेर

Published on:
16 Jun 2026 08:59 pm