जैसलमेर

गाड़ी का किया पीछा, टक्कर के बाद चला हाई-वॉल्टेज ड्रामा

पोकरण कस्बे में बुधवार शाम फलोदी से पोकरण आ रहे कुछ युवकों की ओर से तीन-चार गाडिय़ों से पीछा करने, टक्कर मारकर गाड़ी रुकवाने और हमला करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।

2 min read
Mar 19, 2026

पोकरण कस्बे में बुधवार शाम फलोदी से पोकरण आ रहे कुछ युवकों की ओर से तीन-चार गाडिय़ों से पीछा करने, टक्कर मारकर गाड़ी रुकवाने और हमला करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। उक्त घटनाक्रम के बाद बुधवार शाम को करीब आधे घंटे तक यहां हाई-वॉल्टेज ड्रामा चला।

घटनाक्रम के दौरान यहां वाहनों की भीड़ लग गई और आवागमन बाधित हो गया। जानकारी के अनुसार फलोदी से एक गाड़ी में तीन युवक सवार होकर पोकरण की तरफ आ रहे थे। रामदेवरा कस्बे से कुछ गाडिय़ां उनका पीछा करने लगी और कस्बे में जैसलमेर रोड पर मदरसे के पास एक गाड़ी ने कार को टक्कर मार दी, जिसके बाद यहां करीब आधे घंटे तक हंगामा चला। इस दौरान मौके पर ही वाहनों की भीड़ लग गई और जाम की स्थिति हो गई। इस संबंध में पुलिस को इत्तला दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।

युवक ने दर्ज करवाया मामला

स्थानीय पुलिस के अनुसार फलोदी क्षेत्र के निवासी प्रदीप कुमार पुरोहित पुत्र जानकीलाल ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि वह प्रेमशंकर पुरोहित, रवि थानवी के साथ कार से पोकरण कस्बे में आ रहा था। यात्रा के दौरान जब वे रामदेवरा पहुंचे तो चार गाडिय़ों में सवार 10-15 जने उसका पीछा करने लगे। उनके पास तलवार, हॉकियां, सरिया आदि थे, जो वे हवा में लहरा रहे थे। ऐसे में वह कार भगाकर पोकरण के मदरसे तक पहुंचा।

आरोप है कि यहां एक गाड़ी ने उसकी कार को टक्कर मारकर रुकवाया और पीछा कर रही गाडिय़ों ने उसे घेर लिया। गाडिय़ों में सवार प्रथम व्यास, लाला नाई, अजय व्यास, केशव थानवी, रितेश भार्गव, कंवरलाल मेघवाल, हरेन्द्रसिंह व चार-पांच अन्य आए और उसे नीचे उतारा। जिनके हाथ में तलवार व सरिये थे। इसके बाद उसकी पीठ पर लोहे की रोड से वार किया। उसके साथ आए युवकों ने बीच बचाव कर उसे छुड़ाया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में पुलिस ने अनुसंधान भी शुरू कर दिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक मालाराम को सुपुर्द की गई।

Published on:
19 Mar 2026 08:22 pm
Also Read
View All

अगली खबर