19 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मेघ गर्जना के साथ बारिश…दिन में बदला रहा मौसम का मिजाज

पश्चिमी विक्षोभ के असर से जैसलमेर शहर सहित जिले भर में बूंदाबांदी और वातावरण में शीतलता का दौर लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रहा। इससे पहले बीती रात मध्यरात्रि के बाद मेघ गर्जना के साथ बारिश का दौर चला।

2 min read
Google source verification

पश्चिमी विक्षोभ के असर से जैसलमेर शहर सहित जिले भर में बूंदाबांदी और वातावरण में शीतलता का दौर लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रहा। इससे पहले बीती रात मध्यरात्रि के बाद मेघ गर्जना के साथ बारिश का दौर चला। हालांकि ज्यादा देर तक बरसात नहीं चली लेकिन इसके प्रभाव से रात में हल्की ठंडक का माहौल बन गया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 27.4 और न्यूनतम 16.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

यह एक दिन पहले क्रमश: 25.4 व 18.5 डिग्री रहा था। गुरुवार को सुबह से आकाश में घटाटोप बादल छाए हुए थे, जो पूर्वाह्न छंट गए और धूप खिल गई। हालांकि धूप में तपिश नहीं थी और शीतल हवाओं के चलने से मौसम खुशगवार रहा। दोपहर बाद आसमान पूरी तरह बादलों से आच्छादित हो गया। गत दिनों से घरों में शुरू किए गए कूलर व एयरकंडीशनर बंद करने की नौबत आ गई और पंखों से भी शीतल हवा मिली है। मौसम में यकायक आई तब्दीली के चलते लोगों को गर्मी से फौरी तौर पर राहत मिली है। स्वर्णनगरी में भ्रमण पर आए सैलानियों को गर्मी से छुटकारे वाला मौसम खूब रास आ रहा है।

किसानों की बढ़ी चिंता

मौसम में बदलाव और विशेषकर बूंदाबांदी की आशंका को देखते हुए फसलों की कटाई में जुटे किसानों की चिंता में इजाफा कर दिया है। उनके सामने कटाई के लिए तैयार या काट कर धान निकालने के लिए रखी हुई फसल को बरसात के पानी और तेज गति से चलने वाली हवाओं से बचाने की चुनौती है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में परिवर्तन का सिलसिला शुक्रवार को भी कमोबेश जारी रहने की संभावना है।

बेमौसम की बारिश से ईसबगोल की फसल खराब

फलसूंड क्षेत्र के राजमथाई ग्राम पंचायत में बेमौसम बारिश के कारण किसानों की ईसबगोल की फसल को भारी नुकसान हुआ है। देर रात हुई बारिश से फसलें खराब हो गईं, जिसके बाद किसानों ने प्रशासन को इसकी सूचना दी। किसानों की शिकायत पर फलसूंड तहसीलदार गणेशाराम जयपाल ने मौके पर पहुंचकर फसल खराबे का जायजा लिया। उनके साथ ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष खीमाराम सुथार और किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष गोवर्धन सिंह भाटी भी मौजूद थे।प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि फसल खराबे की मौका रिपोर्ट तैयार कर किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए। तहसीलदार गणेशाराम जयपाल ने किसानों को भरोसा दिलाया कि रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी और मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।