
जैसलमेर. नवंबर का महीना आते ही मौसम में बदलाव महसूस होने लगता है। दिन और रात के तापमान में अंतर, बदलती जीवनशैली और वायु गुणवत्ता को लेकर चर्चाएं तेज हो जाती हैं। ऐसे समय में बच्चों के श्वसन स्वास्थ्य का मुद्दा एक बार फिर महत्वपूर्ण हो जाता है। निमोनिया ऐसी बीमारी है, जिसे शुरुआती स्तर पर सामान्य खांसी-बुखार समझने की गलती कई बार गंभीर परिणामों की वजह बन सकती है। विश्व निमोनिया दिवस हर साल 12 नवंबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य दुनिया को इस बीमारी के प्रति जागरूक करना और बच्चों सहित जोखिम वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की जरूरत को रेखांकित करना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार निमोनिया फेफड़ों का संक्रमण है। यह वायरस, बैक्टीरिया और फंगस के कारण हो सकता है। संक्रमण के दौरान फेफड़ों की वायु थैलियों में तरल या पस भर सकता है, जिससे सांस लेने में परेशानी होती है और शरीर तक ऑक्सीजन पहुंचने की प्रक्रिया प्रभावित होती है। राजस्थान का बड़ा हिस्सा शुष्क भौगोलिक परिस्थितियों वाला है। जैसलमेर व बाड़मेर भी थार मरुस्थल का महत्वपूर्ण हिस्सा है। निमोनिया के सामान्य लक्षणों में खांसी, बुखार और सांस लेने में कठिनाई शामिल हैं। बच्चों में सांस तेज चलना, छाती का निचला हिस्सा अंदर की ओर धंसना और गंभीर स्थिति में दूध या पानी पीने में असमर्थता जैसे संकेत दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण सामने आने पर घरेलू उपचार के भरोसे इंतजार करना खतरनाक हो सकता है। स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और चिकित्सकीय सलाह जरूरी है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन बच्चों को निमोनिया से बचाने के लिए टीकाकरण, पर्याप्त पोषण और स्वच्छ वातावरण को महत्वपूर्ण मानता है।
- निर्धारित टीकाकरण पूरा कराना।
- शुरुआती छह महीने तक केवल मां का दूध देना।
- बच्चों को पर्याप्त और संतुलित पोषण उपलब्ध कराना।
- घर के भीतर धुएं और तंबाकू के संपर्क से बचाना।
- संक्रमण के लक्षण दिखने पर समय पर चिकित्सकीय जांच कराना।
- जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन और अस्पताल आधारित उपचार उपलब्ध कराना।
आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, टेलीमेडिसिन और स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जैसलमेर व बाड़मेर जैसे बड़े भौगोलिक क्षेत्र वाले जिले में दूरस्थ आबादी तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना विशेष महत्व रखता है।
डिजिटल माध्यमों से स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाई जा सकती है, लेकिन गंभीर मरीजों के लिए प्रत्यक्ष चिकित्सा जांच और आवश्यक अस्पताल सुविधाओं का कोई विकल्प नहीं है।
निमोनिया की रोकथाम में सबसे प्रभावी रणनीति बीमारी का इंतजार करने के बजाय पहले से सुरक्षा तैयार करना है। टीकाकरण, पोषण, स्वच्छ हवा और लक्षणों की शुरुआती पहचान बच्चों को गंभीर संक्रमण से बचाने में मदद कर सकती है। सांस लेने में परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता और पूरा उपचार लेना जरूरी होता है। निमोनिया से बच्चों का बचाव करने के लिए सरकार की ओर से नि:शुल्क टीकाकरण करवाया जाता है। इस सेवा का पूरा लाभ लेना चाहिए।
- डॉ दीपक वैष्णव, नवजात एवं शिशुरोग विशेषज्ञ, जैसलमेर