जैसलमेर

रहवासी मकान में मिला अजगर, मचा हडक़ंप

- वन विभाग को दी सूचना, कोई नहीं पहुंचा मौके पर- ग्रामीणों ने अपने स्तर पर जंगल में छोड़ा
2 min read
Jul 20, 2018
jaisalmer news
jaisalmer news

रामदेवरा (जैसलमेर). गांव में नथमल पानादेवी धर्मशाला के पिछवाड़े एक रहवासी मकान में गुरुवार को अजगर का बच्चा मिलने से हडक़म्प मच गया। गांव में धर्मशाला के पिछवाड़े स्थित मकान में गुरुवार को पांच फीट लम्बा अजगर का बच्चा मिला। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देने के बाद भी यहां कोई कार्मिक नहीं पहुंचा। जिस पर ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाते हुए करीब एक घंटे मशक्कत कर अजगर के बच्चे को लोहे के डिब्बे में बंद किया तथा उसे जंगल में छोड़ा।

महिला सशक्तिकरण के दौर में महिला कर्मियों का शोषण
जैसलमेर . राजस्थान एलएचवी व एएनएम एसोसिएशन की ओर से महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विभिन्न मांगों को लेेकर मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष निशंात परवीन ने बताया कि महिला सशक्तिकरण के दौर में महिला कर्मियों का शोषण कर पक्षपात हो रहा है। संगठन की ओर से अपनी मांगों के निस्तारण को लेकर कई बार सरकार तक अपनी मांगों को पहुंचाया गया है। लेकिन सरकार का महिलाओं की समस्या की ओर कोई ध्यान नहीें है। ज्ञापन में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को 10 में, महिला स्वास्थ्य वंशिका को लेवल 11 में रखने, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता का नर्स ग्रेड सेंकड में प्रमोशन करने, सातवें वेतनमान का एरियर सहित विभिन्न समस्याओं का समाधान करवाने की मांग की है।


शराब पीकर वाहन चलाने पर तीन गिरफ्तार
रामदेवरा. यातायात पुलिस ने बुधवार की शाम कार्रवाई करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने पर तीन जनों को गिरफ्तार किया। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार गांव में यातायात व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण को लेकर विशेष टीम का गठन किया गया। यातायात टीम के प्रभारी सवाईसिंह तंवर ने बताया कि एक जुलाई को टीम गठित करने के बाद अब तक 100 वाहनों के चालान काट यातायात व्यवस्था में सुधार किया गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान तीन अलग-अलग बाइक चालक लालाराम पुत्र गणेशाराम, किशोर पुत्र फकीराराम, हरिलाल पुत्र अजबराम की ब्रिथ इन लाइट यंत्र से जांच की गई। जिसमें उनके शराब पीए होने की पुष्टि हुई। जिस पर उन्हें गिरफ्तार कर बाइक जब्त की गई।

Published on:
20 Jul 2018 12:09 pm