फिर बारिश में नहाई स्वर्णनगरी, खिले चेहरे
जैसलमेर. दिन भर की उमस व गर्मी से आहत स्वर्णनगरी के बाशिंदों को शुक्रवार शाम को एक बार फिर हुई बारिश ने खुश कर दिया। सुबह से ही आसमान बादलों से घिरा दिखाई दिया। इस दौरान उमस ने आमजन को झुलसाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। लोगों को शाम तक बारिश होने की आस बंधने लगी और हुआ भी यही। शाम करीब पौने छह बजे आसमान में छाए बादल बरस पड़े। कभी धीमे तो कभी तेज गति से बारिश का यह दौर करीब आधे घंटे तक चला। इसके बाद शीतल हवाओं का दौर शुरू हो गया। बारिश के मौसम में स्थानीय बाशिंदों ने नहाने का लुत्फ उठाया। शहर के गोपा चौक, सदर बाजार, गांधी चौक, कलक्ट्रेट मार्ग, सम रोड, ऑफिसर्स कॉलोनी, गड़ीसर मार्ग, आसनी रोड, रेलवे स्टेशन मार्ग सहित शहर के विभिन्न मुख्य रास्तों पर पानी जमा हो गया, जिससे आवागमन के दौरान राहगीरों व वाहनचालकों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
गर्मी ने किया बेेहाल, बादलों ने दिलाई राहत
पोकरण. क्षेत्र में बार-बार बदलते मौसम के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है। कभी तापमान में बढ़ोतरी के साथ भीषण गर्मी, उमस व लू का दौर चलने लगता है, तो कभी आसमान में बादलों की आवाजाही से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। गत कुछ दिनों से भीषण गर्मी का मौैसम चल रहा था। शुक्रवार को भी दिन चढऩे के साथ सूर्य की तेज किरणें निकली। दोपहर के समय भीषण गर्मी व उमस के कारण आमजन का बेहाल हो गया। दोपहर तीन बजे बाद आसमान में बादल छा गए। जिससे तापमान में हुई गिरावट से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। देर शाम तक तेज हवाएं चल रही थी और आसमान में बादल छाए हुए थे, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों को मायूसी हाथ लगी।