
पोकरण. कस्बे के मुख्य मार्गों व चौराहों पर खड़े हाथ ठेला चालकों तथा सब्जी के होलसेल व फुटकर व्यवसायियों ने लगातार दूसरे दिन भी अपना व्यवसाय बंद रखकर विरोध जताया। जिसके चलते बुधवार को दिनभर सब्जी, फल व्यवसाय बंद रहा। जिससे आमजन को परेशानी हुई।
गौरतलब है कि कस्बे के मुख्य मार्गों व चौराहों पर खड़े हाथ ठेला चालकों को पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था के नाम पर आए दिन परेशान किया जा रहा है। इसके अलावा उन्हें नगरपालिका अथवा प्रशासन की ओर से कोई स्थाई जगह आवंटित नहीं करने से उन्हें परेशानी हो रही है। इसी को लेकर हाथ ठेला संचालकों की ओर से गत दो दिनों से विरोध किया जा रहा है।
रखी हड़ताल, बंद रखा व्यवसाय
सब्जी व फल व्यवसायियों की बैठक बुधवार को सुबह जैसलमेर रोड पर स्थित सब्जी मंडी में आयोजित की गई।यहां होलसेल व फुटकर व्यवसाइयों ने हाथ ठेला संचालकों को स्थाई जगह दिलाने की मांग को लेकर हड़ताल करने का निर्णय लिया। जिसके चलते बुधवार को होलसेल व फुटकर व्यवसाय पूरी तरह से बंद रहा। गांधी चौक में सब्जी व फल की थडिय़ां बंद रही तथा फोर्ट रोड, स्टेशन रोड, जयनारायण व्यास सर्किल, जोधपुर रोड, जैसलमेर रोड पर एक भी हाथ ठेला नहीं लगा। सभी ने अपना व्यवसाय बंद रखकर विरोध जताया।
जुलूस निकालकर जताया रोष
सब्जी व फल व्यवसाइयों तथा होलसेल व फुटकर विक्रेताओं ने बुधवार को एक जुलूस निकाला। जुलूस जैसलमेर रोड स्थित सब्जी मंडी से रवाना हुआ। सभी हाथ ठेला संचालक, सब्जी व फल व्यवसायी संघ की एकता के नारे लगाते हुए जैसलमेर रोड, मदरसा रोड, जयनारायण व्यास सर्किल होते हुए नगरपालिका पहुंचे। उन्होंने यहां नगरपालिका अध्यक्ष आनंदीलाल गुचिया से मुलाकात की। उन्होंने हाथ ठेला संचालकों को स्थाई जगह दिलाने की मांग की। जिस पर पालिकाध्यक्ष गुचिया ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पालिकाध्यक्ष के उचित आश्वासन के बाद सब्जी व्यवसाइयों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।