जैसलमेर

लोक देवता बाबा रामदेव समाधि के दर्शन को लगी दो किमी लंबी कतार

लोक देवता बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ का गत नौ दिन से लगातार तांता लगा हुआ है।

2 min read
Aug 17, 2025
oplus_0

लोक देवता बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ का गत नौ दिन से लगातार तांता लगा हुआ है। ऐसे में करीब 2 किलोमीटर से अधिक लंबी लाइन रामदेवरा में लगी हुई है। विगत तीन दिन से नोखा चौराहा से आगे आरसीपी गोदामों तक कतारों में भीड़ लगी रही, जो देर रात्रि तक दर्शन का इंतजार करती है। लोक देवता बाबा रामदेव का 641 वां मेला विधिवत रूप से 25 अगस्त से रामदेवरा में ध्वजारोहण के साथ शुरू होगा, लेकिन गत नौ दिन से लगातार श्रद्धालुओं का रामदेवरा में आगमन होने के कारण करीब 2 किमी लंबी कतार लगी हुई है। देश के कोने-कोने से पहुंच रहे श्रद्धालुओं के चलते रामदेवरा में सड़को पर पैर रखने की भी जगह नहीं रही है। लोक देवता बाबा रामदेव समाधि दर्शन के लिए आए देश भर के श्रद्धालुओं का उत्साह गत नौ दिनों से पूरे उफान पर है। श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव समाधि दर्शन के दौरान न सिर्फ लंबी कतारों में धैर्य रख रहे, बल्कि शनिवार देर रात बारिश के दौरान भी जातरु भीगते हुए कतारों में खड़े रहे।

पैदल आने वाले श्रद्धालुओं का हुजूम

हजारों पद यात्रियों का रामदेवरा की विभिन्न सड़कों पर आने का सिलसिला जारी है। पद यात्रियों की ओर से बाबा की समाधि के र्शन कर मंगल कामना की जा रही है, वही पैदल यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा करने वालों की भी कमी नहीं है। इन दिनों रामदेवरा की हर सड़क मार्ग पर जातरुओं के जत्थे देखे जा सकते हैं।

जयकारों से गूंज रही बाबा रामदेव की नगरी

बाबा रामदेव की नगरी रामदेवरा इन दिनों बाबा रामदेव के जयकारों से गूंज रही हैं। आस्था के रंग में रंगी रूणिचा नगरी में विभिन्न संस्कृतियों के रंग देखने को मिल रहे है। श्रद्धालु रामदेवरा में प्रवेश करते ही जयकारों को लगाना शुरू कर देते है।

Published on:
17 Aug 2025 08:35 pm
Also Read
View All