जैसलमेर

खुदाई कार्य के दौरान टूटी अंडरग्राउंड केबल, 14 घंटे गुल रही बिजली

पोकरण कस्बे के 132 केवी जीएसएस के पास बिछाई गई 33 केवी अंडरग्राउंड केबल शुक्रवार की रात जोधपुर रोड पर पाइपलाइन की खुदाई के चल रहे कार्य के दौरान टूट गई।

2 min read
May 16, 2026
photo patrika

पोकरण कस्बे के 132 केवी जीएसएस के पास बिछाई गई 33 केवी अंडरग्राउंड केबल शुक्रवार की रात जोधपुर रोड पर पाइपलाइन की खुदाई के चल रहे कार्य के दौरान टूट गई। जिससे शिवपुरा जीएसएस से जुड़े क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बंद हो गई, जो करीब 14 घंटे बाद सुचारु हुई। इस दौरान भीषण गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि कुछ वर्ष पूर्व कस्बे के शिवपुरा में नया जीएसएस स्थापित किया गया था।

इस दौरान 132 केवी जीएसएस से 33 केवी की हाइटेंशन विद्युत लाइन को केवल एक-डेढ़ फीट खुदाई कर अंडरग्राउंड किया गया था। गत कुछ दिनों से कस्बे में पाइपलाइनें लगाने का कार्य किया जा रहा है। शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे जीएसएस के पास पाइपलाइन लगाने के लिए खुदाई के दौरान जेसीबी से अंडरग्राउंड केबल टूट गई, जिससे कस्बे के शिवपुरा, खींवज बास, अंबेडकर कॉलोनी, गांधी कॉलोनी, मंगलपुरा, पुरोहितों की गली, मालियों का बास, फलसूंड रोड के साथ ही ऊजला, लवां, बड़ली, मोराणी, मांगोलाई, पाबूपाडिय़ा बांकना आदि गांवों सहित जीएसएस से जुड़े गांवों, ढाणियों, कस्बे के गली मोहल्लों, कॉलोनियों में विद्युत आपूर्ति बंद हो गई।

भीषण गर्मी में हाल बेहाल

शिवपुरा जीएसएस से कस्बे की आधी आबादी जुड़ी हुई है। शुक्रवार की देर रात 1 बजे विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। एक-दो घंटे तक बिजली सुचारु नहीं होने पर लोगों ने इधर-उधर फोन किए, लेकिन डिस्कॉम के किसी अधिकारी, कर्मचारी ने फोन नहीं उठाया। ऐसे में पूरी रात लोगों को अंधेरे में बिना कूलर, एसी, पंखे बितानी पड़ी। जिन घरों में इन्वर्टर लगे हुए थे, वे भी सुबह तक बंद हो गए। जिससे परेशानी और बढ़ गई। सुबह लोगों को केबल टूटने की जानकारी मिली। डिस्कॉम की ओर से 10 बजे बाद केबल ठीक करने का कार्य शुरू किया गया। शनिवार को दोपहर बाद करीब 3 बजे विद्युत आपूर्ति सुचारु हुई। इस दौरान करीब 14 घंटे विद्युत आपूर्ति बंद रहने से आमजन का बेहाल हो गया। विशेष रूप से वृद्धों, छोटे बच्चों, रक्तचाप, ह्रदय रोग के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

वैकल्पिक व्यवस्था नहीं

132 केवी जीएसएस से शिवपुरा जीएसएस तक केवल अंडरग्राउंड केबल की व्यवस्था है। इसके अलावा अन्य कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। जिसके कारण 33 केवी अंडरग्राउंड केबल कट जाने से करीब 14 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बंद रही।

केबल एक-डेढ़ फीट खुदाई, नहीं उठाए फोन

जीएसएस स्थापना के दौरान जब अंडरग्राउंड केबल लगाई गई, उस समय केवल एक-डेढ़ फीट खुदाई की गई थी। ऐसे में थोड़ी ही खुदाई में केबल कट गई और यह परेशानी उत्पन्न हुई। इसी प्रकार शुक्रवार की पूरी रात और शनिवार को दोपहर तक लोगों ने डिस्कॉम के अधिकारियों व कर्मचारियों को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। लापरवाही के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि केन्द्र व राज्य सरकार के मंत्री, विधायक कई बार जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को किसी उपभोक्ता का फोन आने पर संतोषजनक जवाब देने के निर्देश दे चुके है, लेकिन इन निर्देशों का कोई असर नहीं हो रहा है।

बिजली बंद होने पर फोन ज्यादा आते ...

बिजली बंद होने पर फोन ज्यादा आते है। जिससे सभी से बात करना चुनौतीपूर्ण है। कर्मचारियों को भी निर्देश देने पड़ते है। विद्युत केबल बाकि जगह 4-5 फीट पर है। जहां कनेक्शन होता है, वहां घुमाव देने के लिए गहराई कम रखनी पड़ती है। जिस जगह गहराई कम थी, वहीं पर खुदाई करने से केबल कटी। खुदाई को लेकर डिस्कॉम से कोई पत्राचार नहीं किया गया।

- जितेन्द्रसिंह तोमर, अधिशासी अभियंता डिस्कॉम, पोकरण

Published on:
16 May 2026 08:23 pm
Also Read
View All