जैसलमेर

jAISALMER NEWS- अमरीकी राजदूत ने स्वर्णनगरी को निहार कर दी यह दिलखुश प्रतिक्रिया कि…

-स्वर्णनगरी में लगातार पहुंचे रहे वीआईपी सम में ऊंट सवारी का लुत्फ-दिसम्बर के आखिरी दिनों में भी आएंगे कई वीआईपी
2 min read
• •
Updated: 28 Dec 2017, 9:48 AM IST
Jaisalmer patrika
patrika news

जैसलमेर. भारत में अमरीका के राजदूत केनिथ जस्टर स्वर्णनगरी जैसलमेर का भ्रमण कर अत्यंत खुश नजर आए। यहां के ऐतिहासिक दुर्ग और कलात्मक पटवा हवेलियों का उन्होंने बुधवार को दीदार किया। उन्होंने बारीकी से दोनों स्थलों का अवलोकन किया और खुद ने जमकर फोटोग्राफी भी की। जस्टर बुधवार सायं सम सेंड ड्यून्स पहुंचे। वहां उन्होंने रेगिस्तान के जहाज की धोरों पर सवारी का लुत्फ उठाया और रेत के समंदर में अस्त होते सूरज के नजारों को कैमरे में कैद भी किया।अमरीकी राजदूत मंगलवार देर शाम जैसलमेर पहुंचे थे। वे गुरुवार को यहां से प्रस्थान करेंगे।
रहवासी किले के स्थापत्य की तारीफ
बुधवार सुबह जस्टर स्वर्णनगरी घूमने निकले। उन्होंने सोनार दुर्ग की तलहटी में वाहन खड़ा करवाकर पैदल ही चढ़ाई की। उन्हें गाइड महेन्द्र दान और अरविंद व्यास ने किले के विभिन्न दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करवाया तथा उनके बारे में जानकारियां दी। राजदूत को जब यह बताया गया कि, किले पर हजारों की संख्या में स्थानीय आबादी निवास करती है, तो वे बहुत खुश हुए। उन्होंने दुर्ग के दर्शनीय स्थानों पर फोटोग्राफी की। प्रोटोकॉल अधिकारी के तौर पर उपखंड अधिकारी हंसमुख कुमार उनके साथ थे। इसी तरह से पटवा हवेलियों की कलात्मकता को देखकर जस्टर मंत्रमुग्ध हो गए। यहां पत्थर पर आरपार जालीदार कार्य को उन्होंने सराहा तथा वहां काफी वक्त बिताया।वापस लौटते समय कलाकार कॉलोनी के मार्गपर गोवंश को देखकर उन्होंने गाड़ी रुकवाई तथा उनके पास जाकर उन्हें दुलारा तथा फोटो खिंचवाए।

IMAGE CREDIT: patrika

ऊंट सवारी ने रोमांचित किया
शाम के समय अमरीकी राजदूत जस्टर जिला मुख्यालय से 42 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सम सेंडड्यून्स पहुंचे। यहां उनका सम कैम्प एंड रिसोट्र्स वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष कैलाश व्यास और अन्य सदस्यों ने पारम्परिक ढंग से स्वागत किया। जस्टर ने धोरों पर ऊंट सवारी की तथा बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के साथ धोरों के सौन्दर्य को कैमरे में कैद किया। केमल सफारी के दौरान उन्होंने हिचकोले खाते इसका पूरा आनंद उठाया।सूर्यास्त के नजारे का अवलोकन करने के बाद राजदूत ड्यून्स स्थित रिसोर्ट में पहुंचे तथा लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखा।
महत्वपूर्ण व्यक्ति जुट रहे जैसलमेर में
शीतकालीन अवकाश के दौरान स्वर्णनगरी का भ्रमण करने देश भर से कई महत्वपूर्णव्यक्ति पिछली 20 तारीख से लगातार यहां आ रहे हैं। यह सिलसिला 31 दिसम्बर तक चलेगा। वर्तमान में भारत में अमरीकी राजदूत केनिथ जस्टर जैसलमेर की यात्रा पर हैं तो आने वाले दिनों में राज्य पशुपालक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गोरधन राईका 29 को एवं राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त चन्द्रप्रकाश टायसन 30 को स्वर्णनगरी आएंगे। इसी तरह केरल हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एंटनी डोमिनिक, वन मंत्री गजेंद्रसिंह खींवसर, पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एनसी गोयल, आंध्रप्रदेश व हरियाणा विधानसभा की समितियों के सदस्य, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री संजय राठौड़ सहित कई न्यायाधीश व अधिकारी यहां का भ्रमण कर प्रस्थान कर चुके हैं।

IMAGE CREDIT: patrika
Published on: